डॉ एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय (एकेटीयू) ने सेमेस्टर परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। आधिकारिक वेबसाइट पर जारी शेड्यूल के मुताबिक परीक्षाएं 3 अगस्त, 2021 से शुरू होकर 9 सितंबर तक जारी रहेंगी। यह परीक्षाएं दो पाली में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली 9:30 से 11 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक होंगी। एकेटीयू परीक्षा नियंत्रक प्रो. अनुराग त्रिपाठी बताते हैं कि इस बार सभी परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी। छात्र अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी स्थान से परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। वह अपने घर, साइबर कैफे या संस्थान परिसर आदि स्थानों से परीक्षा दे सकते हैं। परीक्षा लिखने के लिए लैपटॉप, स्मार्टफोन और डेस्कटॉप कंप्यूटर जैसे कोई भी उपकरण का इस्तेमाल किया जा सकता है।