UPTET 2021 paper leak case: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के पेपर लीक मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्ती शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी ने लापरवाही बरतने के कारण परीक्षा नियामक सचिव संजय कुमार को निलंबित कर दिया है। अब उन्हें बेसिक शिक्षा निदेशक कार्यालय में रिपोर्ट करना होगा। मुख्यमंत्री ने इससे पहले ही साफ कर दिया था कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पेपर लीक प्रकरण से जुड़े आरोपियों पर रासुका और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। शुरुआती जांच में मिली जानकारी के अनुसार, यूपी टीईटी का पेपर लीक करने वालों में कुछ संविदा पर रखे गए सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। वहीं, मामले के तार पुराने नकल माफियाओं से भी जुड़ने की जानकारी सामने आई है।