संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने बुधवार को सिविल सेवा परीक्षा 2024 (सीएसई 2024) के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। आयोग ने लगभग 1,056 पदों को भरने के लिए सिविल सेवा परीक्षा-प्रारंभिक (यूपीएससी सीएसई प्रारंभिक 2024) आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें दिव्यांग (पीडब्ल्यूबीडी) व्यक्तियों के लिए आरक्षित 40 रिक्तियां शामिल हैं। इस साल आयोग ने यूपीएससी सीएसई फॉर्म 2024 पर फोटो अपलोड करते समय नए दिशानिर्देशों का पालन करने को कहा है।
यूपीएससी सीएसई प्रीलिम्स पंजीकरण लिंक का समय पांच मार्च शाम छह बजे तक सक्रिय रहेगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण करना होगा और फिर आधिकारिक वेबसाइट upsconline.nic.in पर जाकर फॉर्म भरना होगा। परीक्षा 26 मई को आयोजित की जाएगी।
यूपीएससी ओटीआर पंजीकरण उम्मीदवारों को एक बार ही करना चाहिए। पहले से पंजीकृत उम्मीदवार लॉगिन करने के लिए उसी पंजीकरण संख्या और पासवर्ड का उपयोग कर सकते हैं। आवेदन करने वाले आवेदकों को यह भी ध्यान होना चाहिए कि आयोग पंजीकरण बंद होने के सात दिनों के भीतर सुधार की अनुमति देगा। यह अनुमति छह मार्च से 12 मार्च तक रहेगी।
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को सबसे कठिन परीक्षा पास करने के लिए केवल छह मौके मिलेंगे, जबकि ओबीसी, पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों को उपस्थित होने के लिए नौ मौके मिलेंगे और एससी, एसटी को कितनी भी बार परीक्षा में बैठने की छूट रहेगी।
नियम के अनुसार आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि एक उम्मीदवार जो पहले के परीक्षा परिणामों के आधार पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) या भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) में नियुक्त हुआ है और उस सेवा का सदस्य बना हुआ है, वह यूपीएससी सीएसई प्रारंभिक परीक्षा में बैठने का पात्र नहीं होगा।
यूपीएससी 2024: फोटो अपलोड करने के नियम कानून
यूपीएससी ने एक बार की पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान फोटो अपलोड करने के लिए नए निर्देशों की घोषणा की है।
- उम्मीदवारों को यह सुनिश्चित करना होगा कि अपलोड की गई तस्वीर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने (यानी आवेदन शुरू होने की तारीख) से 10 दिन से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए।
- फोटो पर नाम और तारीख अंकित होना चाहिए जिस दिन फोटो लिया गया था।
- अपलोड करने के लिए चुनी गई तस्वीर में उम्मीदवार का चेहरा 3/4 स्थान पर होना चाहिए।
- आवेदक के फेस परीक्षा के प्रत्येक चरण में अपलोड की गई तस्वीर से मेल खाना चाहिए। उदाहरण के लिए, यदि कोई उम्मीदवार दाढ़ी वाली तस्वीर अपलोड करता है, तो उसे यूपीएससी आईएएस प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के समय जिस रूप में था , उसी रूप के साथ उपस्थित होना चाहिए। चश्मा पहनने वाले और मूंछें रखने वाले उम्मीदवारों पर भी यही नियम लागू होंगे।
इच्छुक उम्मीदवार जो यूपीएससी सीएसई 2024 के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि वे फोटो अपलोड करते समय इन परिवर्तनों पर ध्यान दें और फॉर्म भरें।