उत्तर प्रदेश की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम जारी हो चुके हैं। इस बार बच्चों ने खूब बेहतर प्रदर्शन कर अपना और अपने जिले का नाम रोशन किया है। महराजगंज जिला कारागार में तैनात सिपाही की बेटी ने राज्य में छठां स्थान लाकर जिले का नाम रोशन कर दिया है। दीक्षा पांडेय हाईस्कूल की परीक्षा में 94.50 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं।
दीक्षा के छठे स्थान लाने पर परिवारजनों में खुशी का माहौल है और स्कूल प्रशासन ने दीक्षा की इस कामयाबी पर खुशी जाहिर की है। दीक्षा के पिता का नाम पंकज कुमार पांडेय है और वो जिला जेल में सिपाही के पद पर तैनात हैं। दीक्षा मूल रूप से देवरिया
जिले की मधवापुर गांव की रहने वाली हैं। इनकी जुड़वां बहन भी हैं जिनका नाम साक्षी पांडेय है और उन्होंने भी हाईस्कूल में 88.3 फीसद अंक हासिल किए हैं।
बेटी की इस सफलता से इनके पिता पंकज कुमार बेहद खुश हैं, उन्होंने बताया कि उनकी बेटी पढ़ने से पहले से काफी तेज रही है। उन्होंने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं और एक बेटा है। पंकज कुमार की सबसे बड़ी बेटी शिक्षा पांडेय ने साल 2019 में इंटर में जिले में सांतवां स्थान हासिल किया था।
जिला जेल में तैनात सिपाही पंकज कुमार की बेटी दीक्षा ने बताया कि उनका सपना कलेक्टर बनना है, जिसके लिए वो दिन-रात मेहनत करने को तैयार हैं।