UP Board Exam 2025: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्षा नौ से 12 तक के पंजीकरण की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है। शासन के उप सचिव संजय कुमार की ओर से 12 सितंबर को जारी आदेश के अनुसार सत्र 2025 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थी 25 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। कक्षा- 9 और कक्षा-11 के परीक्षार्थियों को 20 सितंबर तक पंजीकरण करना होगा।
प्रधानाचार्यों की मांग पर यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने तिथि बढ़ाई है। इससे यूपी बोर्ड में फॉर्म भरने से वंचित रह गए विद्यार्थियों को राहत मिली है। परिषद द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे छात्रों के परीक्षा आवेदन पत्र ऑनलाइन अपलोड करने की सभी प्रक्रियाओं को समय से पूरा करें।
यूपी बोर्ड की बढ़ाई पंजीकरण की अंतिम तिथि
- फोटो : https://upmsp.edu.in/
बता दें कि परीक्षा शुल्क चालान के माध्यम से जमा करने की अंतिम तिथि 20 सितंबर और परीक्षा शुल्क की सूचना के साथ छात्र-छात्राओं के विवरण ऑनलाइन अपलोड करने की अंतिम तिथि 25 सितंबर है।
यह भी बताते चलें कि पहले फीस जमा करने और विवरण अपलोड करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त और 5 सितंबर निर्धारित थी। अब स्कूलों के प्रधानाचार्य 26 से 30 सितंबर तक छात्रों के विवरण की जांच करेंगे। वहीं 1 से 5 अक्तूबर तक पंजीकरण फॉर्म में त्रुटि संशोधन का मौका मिलेगा। कक्षा नौ व 11 के परीक्षा शुल्क समेत विद्यार्थियों के विवरण अपलोड करने की अंतिम तिथि 10 से बढ़ाकर 20 सितंबर कर दी गई है।
10 अक्टूबर तक अपलोड होगी अंतिम सूची
बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के अनुसार, 31 अगस्त, 2024 के बाद सभी संस्थागत और व्यक्तिगत छात्रों को 20 सितंबर, 2024 तक प्रति छात्र ₹100 के विलम्ब शुल्क के साथ परीक्षा शुल्क चालान के माध्यम से कोषागार में जमा करना होगा। वहीं विलम्ब शुल्क के साथ जमा परीक्षा शुल्क की सूचना तथा छात्र/छात्राओं के शैक्षिक विवरण 25 सितंबर, 2024 (दोपहर 12:00 बजे तक) वेबसाइट पर आनलाइन अपलोड करने होंगे। इसी तरह, 26 सितंबर तक स्कूलों द्वारा छात्रों के विवरण का सत्यापन किया जाएगा, जबकि 01 अक्टूबर, 2024 (दोपहर 12:00 बजे तक) तक प्रधानाचार्य द्वारा ऑनलाइन सुधार की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। वहीं, 10 अक्टूबर, 2024 तक अंतिम सूची अपलोड की जाएगी।
यूपी बोर्ड द्वारा सभी संबंधित स्कूलों और छात्रों को निर्धारित तिथियों के भीतर अपनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए कहा गया है। अधिक जानकारी के लिए स्कूलों को परिषद की आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का निर्देश दिया गया है।