UP Board Exam 2025: गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षाएं 24 फरवरी से 12 मार्च, 2025 तक दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। दसवीं और बारहवीं, खासकर दसवीं का इम्तिहान छात्र जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। यही कारण है कि छात्रों के ऊपर इन परीक्षाओं में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का दबाव बना रहता है। अगर आप भी दसवीं या बारहवीं के छात्र हैं, तो तैयारी के दौरान कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखते हुए आप परीक्षा में अपना सर्वश्रेष्ठ दे सकते हैं। इसके अलावा, फ्लो चार्ट और ऑनलाइन एप व प्लेटफॉर्म अच्छे नंबर दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
दसवीं के लिए योजना
दसवीं में बहुविकल्पीय और वर्णनात्मक, दोनों तरह के प्रश्न पूछे जाते हैं। ऐसे में उत्तर देते समय बेहद सावधानी बरतने की जरूरत होती है।
हिंदी के प्रश्नों के लिए वर्तनी, व्याकरण, अल्पविराम, पूर्ण विराम, लेखन और भाषा शैली पर ज्यादा ध्यान दें। निबंध को खंडों में बांटकर लिखने का अभ्यास करें।
सामाजिक विज्ञान के अंतर्गत ऐतिहासिक घटनाओं से संबंधित बिंदुओं के शॉर्ट-नोट्स बनाते चलें। अर्थशास्त्र और भूगोल विषय में आंकड़ों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें। इसके अलावा मानचित्र पर विशेष ध्यान दें।
गणित के कठिन टॉपिक्स के लिए ज्यादा समय निकालें। नियमों, सूत्रों और महत्वपूर्ण बिंदुओं का फ्लो चार्ट बनाकर उसे रोजाना सुबह-शाम दोहराएं। ज्यामिति में रचना संबंधित प्रश्नों का अधिक से अधिक अभ्यास करें।
अंग्रेजी के लिए लेटर और एप्लीकेशन लिखते समय उसके फॉर्मेट का विशेष ध्यान रखें। पार्ट ऑफ स्पीच, नरेशन, वॉइस से जुड़े उदाहरणों और प्रश्नों पर विशेष ध्यान दें। मुख्य बिंदुओं के साथ उत्तर लिखना सीखें।
बारहवीं के लिए ऐसे करें तैयारी
बारहवीं के लिए सबसे पहले आपको खुद के अनुसार टाइम टेबल बनाने की जरुरत है। यदि किसी तरह की समस्या आ रही हो, तो तुरंत अपने शिक्षक से संपर्क करें।
गणित विषय से जुड़े रैखिक प्रश्नों के लिए स्केल और पेंसिल का ही इस्तेमाल करें। समाकलन में सभी समाकलनों की सूची बनाकर याद करें।
भौतिक विज्ञान में संयंत्रों और परिपथ के चित्रों का लगातार अभ्यास करते रहें। परिभाषाओं और सूत्रों को लिख-लिख कर याद करें। आंकिक प्रश्नों में इकाई (Unit) जरूर लिखें। बड़े उत्तरों को फ्लो चार्ट के जरिये संक्षेप में लिखने का अभ्यास आपका समय बचाएगा।
रसायन विज्ञान के तहत भौतिक रसायन में आंकिक प्रश्नों से संबंधित सूत्रों की सूची बना लें और रोजाना सवालों को हल करें। कार्बनिक और अकार्बनिक रसायन में समीकरणों को रटने के बजाय समझने का प्रयास करें। प्रमुख यौगिकों, रासायनिक गुणों और आईयूपीएसी नामकरण को फ्लो चार्ट के जरिये याद करें।
जीव विज्ञान में पुष्पी पादपों और मनुष्य में प्रजनन, परागकोष, परागकण, मनुष्य की शारीरिक बनावट और कार्यप्रणाली जैसे टॉपिक्स को तवज्जो दें। पॉइंट्स बनाकर पढ़ें। इससे रिवीजन करने में आसानी होगी।