फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Board: क्या जारी हो गए यूपी बोर्ड परीक्षा के प्रवेश पत्र? जानें ताजा अपडेट, 18 फरवरी से हैं एग्जाम्स

Thu, 12 Feb 2026 07:05 PM IST
आकाश कुमार एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। बोर्ड परीक्षाओं में इस बार 52.30 लाख छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। 8033 केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी रहेगी। क्यूआर कोड आईडी, नई उत्तर पुस्तिका डिजाइन और सख्त नियमों से परीक्षा को पारदर्शी बनाने पर जोर है।
 
विज्ञापन
यूपी बोर्ड - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) द्वारा बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 18 फरवरी से किया जाना है। छात्रों को प्रवेश पत्र जारी होने का इंतजार है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रवेश पत्र जारी हो चुके हैं, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा खबर बनने तक नहीं हुई है। इस बार प्रदेश भर से बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए कई नए कदम लागू किए गए हैं।

विज्ञापन


यूपी बोर्ड की इस वर्ष की परीक्षाओं में कुल 52 लाख 30 हजार 297 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 27 लाख 50 हजार 945 छात्र हाईस्कूल और 24 लाख 79 हजार 352 छात्र इंटरमीडिएट के हैं। इतनी बड़ी संख्या में परीक्षाएं कराने के लिए बोर्ड और प्रशासन ने मिलकर व्यापक तैयारियां की हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।

8033 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी

राज्यभर में इस बार कुल 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था रहेगी। केंद्र व्यवस्थापकों की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से तय की गई है और स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी या अनुशासनहीनता न हो।

QR कोड वाले पहचान पत्र की नई व्यवस्था

परीक्षा व्यवस्था को और सुरक्षित बनाने के लिए बोर्ड ने इस साल पहली बार कक्ष निरीक्षकों के लिए QR कोड आधारित पहचान पत्र जारी किए हैं। ये पहचान पत्र 10 फरवरी 2026 को बोर्ड के आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड किए गए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति कक्ष निरीक्षक बनकर ड्यूटी न कर सके। परीक्षा के दौरान इन पहचान पत्रों की जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी।

उत्तर पुस्तिका के नियम हुए सख्त

नए निर्देशों के अनुसार अब प्रत्येक छात्र को अपनी उत्तर पुस्तिका के हर पन्ने पर रोल नंबर और कॉपी नंबर लिखना होगा। किसी भी पृष्ठ को फाड़ना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा उत्तर पुस्तिका के अंदर कहीं भी नाम या पहचान से जुड़ा कोई चिन्ह बनाने की अनुमति नहीं होगी। यदि ऐसा पाया जाता है तो संबंधित छात्र की परीक्षा रद्द की जा सकती है।

उत्तर पुस्तिका में सुरक्षा से जुड़े बदलाव

इस बार उत्तर पुस्तिकाओं के डिजाइन में भी बदलाव किया गया है। कॉपी को लंबवत तैयार करने के साथ हर पन्ने के बायीं ओर और ऊपर पतली लाइन का हाशिया बनाया गया है। इन लाइनों पर अंग्रेजी में छोटे अक्षरों में UPMSP लिखा गया है, जिसे सामान्य नजर से पढ़ पाना आसान नहीं होगा। यह कदम उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा और शुचिता बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
विज्ञापन

कवर पेज और पन्नों की जानकारी

इंटरमीडिएट की मुख्य उत्तर पुस्तिका के कवर पेज पर दिए गए विवरण का रंग गुलाबी रखा गया है, जबकि ‘ब’ कॉपी का रंग आसमानी नीला किया गया है। हाईस्कूल की मुख्य कॉपी में कुल 16 पृष्ठ और इंटरमीडिएट की मुख्य कॉपी में कवर सहित 32 पृष्ठ होंगे। दोनों कक्षाओं की ‘ब’ कॉपियां कवर सहित 12-12 पन्नों की होंगी। कवर पेज पर उत्तर पुस्तिका में कुल पृष्ठों की संख्या भी स्पष्ट रूप से अंकित रहेगी।

बोर्ड का कहना है कि इन सभी नए उपायों का उद्देश्य परीक्षा को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और निष्पक्ष बनाना है, ताकि छात्रों को एक बेहतर और भरोसेमंद परीक्षा वातावरण मिल सके।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें