विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा यानी यूजीसी नेट दिसंबर 2026 को लेकर जरूरी जानकारी जारी की गई है। परीक्षा की तारीखों में बदलाव किया गया है। अब परीक्षा 14 दिसंबर से 18 दिसंबर और फिर 21 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी। आवेदन करने की आखिरी तारीख 28 अक्तूबर 2026 तय की गई है।
इन बदलावों में परीक्षा केंद्र पर पेन उपलब्ध कराने, परीक्षा शहर चुनने, दिव्यांग उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय देने और मधुमेह से पीड़ित उम्मीदवारों को कुछ जरूरी चीजें ले जाने की अनुमति जैसे नियम शामिल हैं। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले इन बदलावों को समझ लेना चाहिए, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की परेशानी न हो।
आवेदन कब तक कर सकते हैं?
यूजीसी नेट दिसंबर 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 8 अक्तूबर से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार तय समय के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
|
जरूरी काम
|
तारीख
|
|
ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख
|
28 अक्तूबर 2026
|
|
विलंब शुल्क के साथ आवेदन
|
29 से 31 अक्तूबर 2026
|
|
आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख
|
31 अक्तूबर 2026
|
|
आवेदन में सुधार
|
2 से 4 नवंबर 2026 (रात 11.50 बजे तक)
|
|
परीक्षा शहर की जानकारी
|
23 नवंबर 2026
|
|
प्रवेश पत्र जारी होने की संभावित तारीख
|
7 दिसंबर 2026 से
|
|
परीक्षा की तारीखें
|
14 से 18 दिसंबर और 21 दिसंबर 2026
|
परीक्षा से जुड़े जरूरी निर्देश क्या हैं?
एनटीए की संशोधित सूचना में परीक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश शामिल हैं। उम्मीदवार इन बातों पर खास ध्यान दें:
1. परीक्षा केंद्र पर पेन मिलेगा: उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर अपनी कलम लेकर जाने की जरूरत नहीं होगी। परीक्षा के दौरान इस्तेमाल के लिए पेन केंद्र पर उपलब्ध कराया जाएगा।
2. परीक्षा शहर चुनने के नियम: आवेदन करते समय उम्मीदवारों को चार परीक्षा शहर चुनने का विकल्प मिलेगा। ये शहर उनके स्थायी या वर्तमान पते वाले राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के भीतर होने चाहिए। यदि पर्याप्त शहर उपलब्ध नहीं होते हैं, तो आसपास के क्षेत्र में परीक्षा शहर दिया जा सकता है।
3. दिव्यांग उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय और लेखक की सुविधा: पात्र दिव्यांग उम्मीदवारों को नियमानुसार लेखक और अतिरिक्त समय की सुविधा मिल सकती है। कुछ ऐसे उम्मीदवार भी मेडिकल प्रमाणपत्र के आधार पर इन सुविधाओं के पात्र हो सकते हैं, जिनकी दिव्यांगता 40 प्रतिशत से कम है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, अतिरिक्त समय प्रति घंटे 20 मिनट होगा। तीन घंटे की परीक्षा में यह कुल 60 मिनट तक हो सकता है। उम्मीदवारों को अपनी पात्रता और जरूरी दस्तावेजों के बारे में आधिकारिक निर्देश जरूर देखने चाहिए।
4. मधुमेह से पीड़ित उम्मीदवार क्या ले जा सकेंगे?: मधुमेह से पीड़ित उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित नियमों के तहत कुछ जरूरी चीजें ले जाने की अनुमति होगी। इनमें चीनी की गोलियां, साबुत फल, पारदर्शी पानी का बोतल शामिल हैं।
5. जूते पहनने से जुड़े निर्देश: उम्मीदवार कम ऊंचाई वाली एड़ी के जूते पहन सकते हैं। हालांकि, लंबे बूट और भारी जूते पहनने की अनुमति नहीं होगी।
6. उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने का शुल्क: परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी होने के बाद उम्मीदवार किसी प्रश्न के उत्तर पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए प्रति प्रश्न 200 रुपये शुल्क निर्धारित है।
7. आवेदन में तस्वीर और पहचान से जुड़े निर्देश: आवेदन प्रक्रिया में ‘मेरी पहचान’ एकल साइन-ऑन व्यवस्था का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके तहत जन परिचय, डिजिलॉकर और ई-प्रमाण जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो सकती हैं। आवेदन के दौरान तस्वीर से जुड़े निर्देशों का पालन करना जरूरी है। तस्वीर में हल्के रंग का बैकग्राउंड होना चाहिए और चेहरे का कम से कम 80 प्रतिशत हिस्सा साफ दिखाई देना चाहिए।