Telangana Class 10 Students Caught Drinking Alcohol
- फोटो : सोशल मीडिया
तेलंगाना के एक सरकारी आवासीय स्कूल के बच्चों को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में कक्षा 10वीं के छात्र सामूहिक तौर पर शराब पार्टी करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रशासन से लेकर जिला प्रशासन तक हडकंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, वीडियो स्कूल में आयोजित फेयरवेल पार्टी के दिन का बताया जा रहा है।
स्कूल की ओर से त्वरित जांच के आदेश भी दिए गए हैं। मामला तेलंगाना के मंचेरियल जिले का है। जिले के दांडिपेल्ली सरकारी आवासीय छात्र विद्यालय का है। जहां फेयरवेल पार्टी के दौरान बनाए गए एक वीडियो में कक्षा 10वीं के छात्र शराब पीते हुए नजर आ रहे हैं।
फेयरवेल पार्टी आवासीय विद्यालय के छात्रावास परिसर में आयोजित की गई थी। स्थानीय विकास अधिकारी भागवथी के अनुसार, छात्रों ने गर्मियां की छुटि्टयां शुरू होने से पूर्व फेयरवेल पार्टी आयोजित करने के लिए छात्रावास अधीक्षक से अनुमति ली थी। लेकिन छात्र कमरे में शराब पीते हुए देखे गए हैं। पार्टी 17 अप्रैल को आयोजित की गई थी।
विकास अधिकारी ने बताया कि शराब विद्यालय परिसर में बाहर से सप्लाई की गई थी। यह काम संभवतया हॉस्टल छात्रों के गांव में रहने वाले दोस्तों द्वारा किया गया है। हालांकि, नशे में डूबे होने के कारण कुछ छात्रों ने शराब पीते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर दी थी। जो कि अब वायरल हो रही हैं। जिला प्रशासन की ओर से भी मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं।