आईआईटी दिल्ली में BECON के दौरान 3 फरवरी, 2024 को टेक.फ्यूचर हैकथॉन 3.0 का आयोजन हुआ। तकनीकी नवाचार से जुड़े इस उत्सव को आईआईटी दिल्ली के एफआईटीटी, आईटी मंत्रालय के स्टार्टअप हब और ईडीसी आईआईटी दिल्ली के सहयोग से आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम एफआईटीटी, आईआईटी दिल्ली की ओर से शुरू की गई हैकथॉन शृंखला का तीसरा संस्करण था। इसमें देश भर के तकनीकी उत्साही 100 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया।
हैकथॉन प्रौद्योगिकी नवाचार या टेक्नोलॉजिकल इनोवेशन के मामले में चार महत्वपूर्ण चुनौतियों के आसपास केंद्रित है, ये हैं- ई-मोबिलिटी, ग्रीन-टेक, क्लाइमेट-टेक और हेल्थ-टेक। इसका उद्देश्य इन डोमेन्स के भीतर रचनात्मकता और समस्या के समाधान पर बल देना है। इस आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के पूल में से, शीर्ष 15 को 12 घंटे के हैकथॉन में प्रतिस्पर्धा करने के लिए चुना गया। यह आयोजन सुबह 9 बजे शुरू हुआ और रात 9 बजे समाप्त हुआ।
इस हैकथॉन की सबसे खास बात थी इसकी अनूठी डुअल-फेज मेंटरशिप अप्रोच। इसके पहले हिस्से में अलग-अलग सेक्टर के सलाहकारों ने तकनीकी कार्य, प्रोटोटाइप विकास और वृद्धि के बारे में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। दूसरे हिस्से के दौरान व्यावसायिक योजनाओं, स्केलिंग, मार्केटिंग और अन्य मूल्यवान चीजों की जानकारी दी गई।
इसके बाद मूल्यांकन के आधार पर शीर्ष आठ टीमों का चयन किया गया, जिन्हें अपने नवाचारों (इनोवेशन) को प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया गया। आयोजन के आखिर में चार विजेताओं को चुना गया।
मेंटर्स और जजों के प्रतिष्ठित पैनल में सागर महत, श्वेता राका, प्रो दिबाकर रक्षित, डॉ आशुतोष पास्टर, प्रत्यूष मजूमदार, अनुज गुगलानी, आकाश शुक्ला, अनुराग आर अय्यर, नेमेसिसा उज्जैन, सौरभ पाठक, स्मृति ग्रोवर, रौशन कुमार और पंकज दीक्षित जैसे दिग्गज शामिल थे।