देशभर के उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्र अब क्लाउड कंप्यूटिंग और मशीन लर्निंग (एमएल) की पढ़ाई भी करेंगे। शिक्षा मंत्रालय की योजना के तहत अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) और अमेजॉन इंटरनेट सर्विसेज प्राईवेट लिमिटेड (एआईएसपीएल) के बीच करार हुआ है। इसमें किसी भी उच्च शिक्षण संस्थान में पंजीकृत 18 आयु वर्ग से अधिक उम्र वाले छात्र प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।
एआईसीटीई के चीफ कोआर्डिनेटिंग ऑफिसर डॉ. बुद्ध चंद्रशेखर ने कहा, राष्ट्रीय स्तर पर डिजिटल कौशल का विकास करना शिक्षा मंत्रालय की प्राथमिकता है। महामारी के दौरान हमने देखा कि हर संगठन की डिजिटल परिवर्तन की योजनाओं में काफी तेजी आ गई।
इसके कारण नियोक्ताओं और उनके कर्मचारियों के लिए क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, और मशीन लर्निंग में प्रशिक्षण प्राप्त करने की जरूरत बढ़ गई। एडब्लूएस एजुकेट छात्रों को उनकी गति से क्लाउड का कौशल प्राप्त करने, सीखने, अभ्यास करने और आकलन में मदद करने के लिए डिजाइन किए गए लैब्स और ऑनलाइन लर्निंग संसाधन प्रदान करने वाला एक कार्यक्रम है।