SOL Admission 2025: ओलंपिक, एशियन, कॉमनवेल्थ, वर्ल्ड कप, वर्ल्ड चैंपियनशिप में खेल चुके विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) के छात्रों को अब फीस में छूट की सौगात मिलेगी। फीस में यह छूट 75 से 100 फीसदी तक होगी। राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय स्तर के हिसाब से यह छूट अलग-अलग होगी।
दरअसल स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) ने पहली बार खेल नीति तैयार की है। विद्यार्थियों को खिलाड़ियों के रूप में सशक्त बनाने के उद्देश्य से तैयार इस खेल नीति के तहत फीस में छूट के लिए तीन श्रेणियां बनाई गई हैं। वहीं, एसेओल की ओर से भी 20 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक का पुरस्कार का प्रावधान किया गया है।
खेल नीति में यह हैं तीन श्रेणियां
खेल नीति में ए, ए-1 व बी तीन श्रेणियां बनाई गई हैं। पहली श्रेणी ए में ओलंपिक, एशियन, कॉमन वेल्थ, साउथ एशियन खेल, वर्ल्ड कप, वर्ल्ड चैंपियनशिप, पैरा वर्ल्ड चैंपियनशिप, पैरा ओलंपिक, पैरा एशियन गेम्स, स्पेशल ओलंपिक को रखा गया है। यदि एसओएल का कोई विद्यार्थी इसमें से किसी प्रतियोगिता में भाग लेकर पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त करता है तो ना केवल उसे एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। बल्कि उसकी फीस सौ फीसदी माफ की जाएगी। नकद पुरस्कार उसे शैक्षणिक सत्र के अंत में दिया जाएगा।
दूसरी श्रेणी ए-1 में मौलाना अब्दुल कलाम आजाद ट्रॉफी को रखा गया है। इसमें पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त करने पर 75 हजार रुपये का पुरस्कार व 35 हजार रुपये तक की फीस माफ की जाएगी।
तीसरी श्रेणी बी के तहत राष्ट्रीय खेल, फेडरेशन कप, नेशनल, इंटर जोनल नेशनल, पैरा नेशनल चैंपियनशिप शामिल है। इसमें पहले स्थान पर रहने पर 40 हजार, दूसरे स्थान के लिए 30 हजार व तीसरे स्थान के लिए 20 हजार रुपये का इनाम मिलेगा। जबकि 75 फीसदी फीस माफ की जाएगी।
खेल नीति का उद्देश्य: उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना
एसओएल में अब तक खेलों को बढ़ावा देने के लिए किसी प्रकार की नीति नहीं थी। जबकि डीयू के नियमित कॉलेजों में स्पोर्ट्स कोटे के तहत दाखिले हैं और उनके लिए अलग से नीति है। चूंकि एसओएल में कोटा लागू नहीं हो सकता इसलिए इस तरह से नीति को तैयार किया गया है। एसओएल की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया कि इस खेल नीति का उद्देश्य खेलों में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना, अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को नकद पुरस्कार, फीस माफी, खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन को बढ़ावा देना और पुरस्कृत करना है।
प्रो. मागो ने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 का उद्देश्य विद्यार्थियों के समग्र विकास को बढ़ावा देना है, जिसमें न केवल अवधारणाओं का सैद्धांतिक ज्ञान शामिल है, बल्कि खेलों की समान और महत्वपूर्ण भूमिका भी शामिल है। यह विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक सह-पाठ्यचर्या घटक है। विद्यार्थियों के जीवन में खेलों के इस महत्व को ध्यान में रखते हुए ही इस खेल नीति को बनाया गया है।