काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) का कहना है कि लॉकडाउन खत्म होने के बाद दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को आयोजित कराया जाएगा। सीआईएससीई का यह भी कहना है कि स्कूल दसवीं कक्षा के छात्रों को ग्यारवहीं कक्षा में अस्थाई दाखिला दे सकते हैं। जब तक बची हुई परीक्षाएं नहीं होती तब तक स्कूल विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन कर सकते हैं। गौरतलब है कि कोरोना वायरस की वजह से लॉकडाउन के घोषणा होते ही मार्च में आईसीएसई बोर्ड की दसवीं और बारहवीं कक्षा की बची हुई परीक्षाएं स्थतगित हो गई थीं।
सीआईएससीई के मुख्य कार्यकारी और सचिव का कहना है कि आईसीएसई के शेष छह पेपरों और आईएससी परीक्षाओं के आठ प्रश्नपत्रों के लिए संशोधित परीक्षा अनुसूची की घोषणा की जाएगी। परिषद परीक्षाओं के प्रारंभ होने से 8 दिन पहले परीक्षाओं के संशोधित कार्यक्रम की घोषणा करेगी। गौरतलब है कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए देश में दूसरे चरण के लॉकडाउन की अवधि बढ़ा दी गई है। लॉकडाउन की अवधि को तीन मई से बढ़ाकर 17 मई कर दिया गया है।