रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अब ज्यादा शुल्क देना होगा। बोर्ड ने असिस्टेंट लोको पॉयलट और तकनीशियन के विभिन्न पदों की भर्ती परीक्षा में आवेदन शुल्क बढ़ा दिया है।
सामान्य श्रेणी के अभ्यर्थियों को 100 रुपये की जगह अब 500 रुपये देने होंगे। इतना ही नहीं एससी/एसटी के अभ्यर्थियों से भी पहली बार भर्ती बोर्ड की ओर से शुल्क मांगा गया है। शनिवार से ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इलाहाबाद समेत देश के सभी 21 रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर एएलपी और तकनीशियन के कुल 26502 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगा गया है। इसमें आरआरबी इलाहाबाद द्वारा एएलपी के 3657 और टेक्नीशियन के 1037 पद शामिल हैं।
शनिवार से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह पहला मौका है जब भर्ती बोर्ड द्वारा लिए जाने वाले आवेदन शुल्क में पांच गुना वृद्धि कर दी गई है। इसके पूर्व एएलपी की भर्ती परीक्षा के लिए सौ रुपये शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब शुल्क 500 रुपये कर दिया गया है।
इसके अलावा एससी/एसटी के अभ्यर्थियों को भी 250 रुपये का शुल्क देना होगा। इसके पूर्व एससी/एसटी अभ्यर्थियों द्वारा शुल्क लिए जाने का प्रावधान नहीं था। प्रतियोगी छात्र प्रवीण शुक्ला, दीपक शर्मा, राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि अगर शुल्क बढ़ाना ही था तो 50 या अधिकतम सौ रुपये तक बढ़ाया जाता। एक बार में ही पांच गुना बढ़ाने का क्या औचित्य है।