Rajasthan Board Exam 10th-12th RBSE Exam: आरबीएसई (RBSE) यानी राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, (BSER) अजमेर की उच्च माध्यमिक बोर्ड परीक्षाएं गुरुवार से प्रारंभ होने जा रही हैं। बोर्ड ने सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं की सभी तैयारियों पूरी कर ली है। उच्च माध्यमिक परीक्षाएं 20 अप्रैल को समाप्त होंगी। जबकि माध्यमिक स्तर की परीक्षाएं 31 मार्च से प्रारंभ होंगी और 26 अप्रैल को समाप्त होगी। गुरुवार 24 मार्च से प्रारंभ होने वाली उच्च माध्यमिक परीक्षाओं के पहले दिन मनोविज्ञान विषय की परीक्षा होगी।
राजस्थान बोर्ड की परीक्षाओं में इस वर्ष 20 लाख 18 हजार 440 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। बोर्ड परीक्षाओं के लिए पूरे राज्य में 6,068 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जो गत वर्ष की तुलना में 15 अधिक है। बोर्ड ने प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा को ज्यादा महत्व दिया है, क्याेंकि हाल ही में राज्य की कई प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल गिरोह और बोगस परीक्षार्थी पकड़े गए थे। राज्य सरकार ने कुल 73 परीक्षा केंद्रों को चिह्नित किया है, जिसमें 49 परीक्षा केंद्र संवेदनशील और 24 अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र हैं। इन सभी केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।