देशभर में कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों के बीच बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन पर मंडराये संशय के बादल अब छंटते नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई उच्च स्तरीय बैठक में सीबीएसई और आईएससी बोर्ड की 12वीं की परीक्षाओं के निरस्त किए जाने का निर्णय किया गया था। इस फैसले के बाद कई राज्यों में प्रस्तावित बोर्ड परीक्षाओं को लेकर दोबारा मंथन शुरू हो गया है। राज्यों में भी इम्तिहान रद्द करने की मांग अब फिर से जोर पकड़ने लगी है। इसी क्रम में राजस्थान में भी आवाज उठाई जा रही है। राज्य में पूर्व में स्थगित की गईं 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को लेकर फिलहाल कोई नया निर्णय नहीं हुआ है। हालांकि, इस संबंध में बुधवार, 02 जून को अंतिम निर्णय हो सकता है।
यह भी पढ़ें :
CBSE News: सीबीएसई की 12वीं बोर्ड परीक्षा रद्द, पीएम मोदी ने कहा- छात्रों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता
राजस्थान में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं पर अंतिम निर्णय को लेकर बुधवार, 02 जून को अहम बैठक होनी है। राजस्थान के शिक्षा मंत्री गोविंद डोटासरा ने मंगलवार को ट्वीट कर जानकारी दी थी कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से चर्चानुसार बुधवार को कैबिनेट की बैठक में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर अंतिम निर्णय किया जाएगा। परीक्षाओं पर निर्णय के संबंध में मंत्री परिषद की बैठक बुधवार शाम पांच बजे मुख्यमंत्री निवास पर होनी है। बैठक में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं को निरस्त करने तथा मूल्यांकन के नियम तय करने को लेकर विचार - विमर्श किया जाएगा। मंत्रियों को इस बैठक में आने का नोटिस भेजा गया है।