Telangana: पुलिस अधिकारी एम महेंद्र रेड्डी ने बताया कि एक पीड़िता ने हाल में एक बच्चे को जन्म दिया जिसे एक अनाथालय में भेज दिया गया। सदमे के बाद भी पीड़िता ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और दसवीं कक्षा की परीक्षा में 5.2 जीपीए (ग्रेड प्वाइंट एवरेज) अंक प्राप्त किए।
तेलंगाना में दुष्कर्म का शिकार हुई दो छात्राओं ने इस मानसिक आघात से पार पाते हुए दृढ़ इच्छाशक्ति की बदौलत 10वीं में बेहतरीन अंक प्राप्त किए। पुलिस अधिकारी एम महेंद्र रेड्डी ने बताया कि इनमें से एक पीड़िता (15) के साथ उसके पिता ने 2023 में दुष्कर्म किया था।
विज्ञापन
रेड्डी ने बताया कि पीड़िता के पेट में दर्द होने के बाद उसकी दादी उसे अस्पताल ले गई। जहां चिकित्सकों ने बताया कि वह गर्भवती है और उसे गर्भधारण किए काफी समय हो चुका था। इसलिए उसका गर्भपात भी संभव नहीं था। रेड्डी ने कहा, पीड़िता ने हाल में एक बच्चे को जन्म दिया जिसे एक अनाथालय में भेज दिया गया। सदमे के बाद भी पीड़िता ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और दसवीं कक्षा की परीक्षा में 5.2 जीपीए (ग्रेड प्वाइंट एवरेज) अंक प्राप्त किए।
पुलिस अफसर बनने की तमन्ना
रेड्डी ने बताया कि अदालत ने दुष्कर्म के दोषी पिता को आजीवन कारावास की सजा देने के साथ पीड़िता को 15 लाख रुपये का मुआवजा दिया। उन्होंने बताया कि दूसरी पीड़िता (16) से भी उसके एक निकट रिश्तेदार ने दुष्कर्म किया था। इस घटना के बाद उसके परिवार ने भी साथ छोड़ दिया। लेकिन जब पीड़िता ने जब 10वीं में अच्छे अंक (9.3 जीपीए) हासिल किए तो उन्होंने उसे बधाई दी।
विज्ञापन
रेड्डी ने बताया कि दोनों लड़कियां अब पुलिस अधिकारी बनने की ख्वाहिश रखती हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने इस सदमे से उबरने में पीड़िताओं की मदद की और उन्हें अपनी शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।