अब स्कूलों में भी पुलिस की पहरेदारी होगी। पुलिस कर्मी कभी भी स्कूलों की जांच के लिए पहुंच जाएंगे। ये आदेश दिल्ली सरकार की ओर से जारी किया गया है। दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी के सभी सरकारी व निजी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे पुलिस कर्मियों को परिसर व इसके आसपास रैंडम चेकिंग की अनुमति दें। ये जांच स्कूलों में शिफ्ट बदलने के दौरान या स्कूल बंद होने के दौरान की जा सकती हैं। स्कूलों को सरकार को एक रिपोर्ट भी देने के लिए कहा गया है, जिसमें यह बताना होगा कि उनके परिसर के नजदीक कोई पुलिस कर्मी या पुलिस वैन मौजूद रहती है या नहीं।
शिक्षा निदेशालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में वीमेंस सेफ्टी टास्क फोर्स की ओर से महिलाओं की सुरक्षा के लिए उठाये जाने वाले कदम को लेकर बैठकें हो रही हैं। इनमें से एक बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि दिल्ली पुलिस को स्कूलों के आसपास चेकिंग बढ़ानी चाहिए। खासकर उस वक्त जब स्कूलों की शिफ्ट बदलती है या स्कूल बंद होने का समय होता है। शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों को भी इस बात का ध्यान रखना होगा कि उनके परिसर के आसपास चेकिंग हो रही है या नहीं।
ये भी पढ़ें : 2020 बोर्ड परीक्षा में ये पांच बड़े बदलाव करने जा रहा है CBSE, पेपर पैटर्न भी होगा नया