फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi: 'भारत रिसर्च के क्षेत्र में अरबों डॉलर का निवेश कर रहा', 18वें IOAA ओलंपियाड में बोले पीएम मोदी

Tue, 12 Aug 2025 06:55 PM IST
आकाश कुमार एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

PM Modi: खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी पर 18वें अंतर्राष्ट्रीय ओलंपियाड का आज औपचारिक उद्घाटन हुआ। इस दौरान पीएम मोदी ने 64 देशों के 300 से ज्यादा चमकते सितारों का स्वागत किया।
 
विज्ञापन
PM Modi - फोटो : X(@ANI)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी पर 18वें अंतर्राष्ट्रीय ओलंपियाड के प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अंतरिक्ष विज्ञान में भारत की मजबूत विरासत पर जोर दिया। अपने संबोधन में पीएम ने युवाओं से जिज्ञासा, रचनात्मकता और सहयोगात्मक मानसिकता के साथ ब्रह्मांड की खोज में आगे बढ़ने का आग्रह किया।

विज्ञापन

 

भारत के पास दुनिया की सबसे ऊंची खगोलीय वेधाशालाओं में से एक

मुंबई में आयोजित खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी पर 18वें अंतर्राष्ट्रीय ओलंपियाड को वीडियो लिंक के जरिए संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत में परंपरा और नवाचार का संगम है। उन्होंने बताया कि भारत के पास दुनिया की सबसे ऊंची एस्ट्रोनॉमिकल ऑब्जर्वेटरीज़ में से एक है, जो लद्दाख में है। इस ऑब्जर्वेटरी की ऊंचाई समुद्र तल से 4,500 मीटर है। मोदी ने कहा, "भारत अंतरराष्ट्रीय सहयोग की ताकत में विश्वास करता है।"

भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सफलतापूर्वक उतरने वाले पहले देश हैं।"

उन्होंने कहा, "भारत वैज्ञानिक जिज्ञासा को बढ़ावा देने और युवाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। 1 करोड़ से ज्यादा विद्यार्थी अटल टिंकरिंग लैब्स में प्रायोगिक तरीके से STEM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) की शिक्षा ले रहे हैं।"

मोदी ने कहा, "इससे सीखने और नवाचार की संस्कृति बन रही है। ज्ञान तक पहुंच को आसान बनाने के लिए हमने 'वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन' योजना शुरू की है, जिसके तहत लाखों विद्यार्थी और शोधकर्ता प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स को मुफ्त में देख सकते हैं।"

रिसर्च के क्षेत्र में हो रहा अरबों डॉलर का निवेश

मोदी ने कहा, "विभिन्न योजनाओं के तहत अनुसंधान क्षेत्र में अरबों डॉलर का निवेश हो रहा है। हम आप जैसे युवाओं को दुनिया भर से भारत में पढ़ाई, शोध और सहयोग के लिए आमंत्रित करते हैं। हो सकता है अगली बड़ी वैज्ञानिक खोज ऐसी साझेदारियों से ही हो।"

उन्होंने कहा, "जब हम ब्रह्मांड की खोज कर रहे हैं, तो यह भी सोचना जरूरी है कि अंतरिक्ष विज्ञान से पृथ्वी पर लोगों के जीवन को कैसे बेहतर बनाया जा सकता है - क्या किसानों को और बेहतर मौसम पूर्वानुमान मिल सकता है? क्या प्राकृतिक आपदाओं की भविष्यवाणी हो सकती है? क्या जंगलों में आग और पिघलते ग्लेशियरों की निगरानी की जा सकती है? क्या दूरदराज के इलाकों के लिए बेहतर संचार व्यवस्था बनाई जा सकती है?"

प्रधानमंत्री ने कहा, "विज्ञान का भविष्य आपके हाथों में है। असली दुनिया की समस्याओं का समाधान कल्पना और संवेदनशीलता से करना होगा। मैं आपसे आग्रह करता हूं कि पूछते रहिए, वहां बाहर क्या है?"

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की तारीफ भी की

मोदी ने हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से 18 दिन का सफल मिशन पूरा कर लौटे भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की भी सराहना की। उन्होंने कहा, "पिछले महीने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अपना ऐतिहासिक मिशन पूरा किया। यह सभी भारतीयों के लिए गर्व का क्षण था और आप जैसे युवाओं के लिए प्रेरणा है।"

उन्होंने कहा, "भारत अंतरराष्ट्रीय सहयोग की ताकत में विश्वास रखता है। यह ओलंपियाड उसी भावना को दर्शाता है। मुझे बताया गया है कि यह अब तक का सबसे बड़ा ओलंपियाड है।"

अंत में पीएम मोदी ने कहा, "उच्च लक्ष्य तय करें, बड़े सपने देखें और याद रखें कि भारत में हम मानते हैं कि आसमान सीमा नहीं है, बल्कि यह तो बस शुरुआत है।"
विज्ञापन

खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी पर अंतर्राष्ट्रीय ओलंपियाड के बारे में

खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी पर अंतर्राष्ट्रीय ओलंपियाड (IOAA) माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए आयोजित वार्षिक प्रतियोगिता है। 18वां IOAA मुंबई में 11 से 21 अगस्त तक हो रहा है।

इस कार्यक्रम का आयोजन होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र, टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च, मुंबई द्वारा किया जा रहा है। यह केंद्र परमाणु ऊर्जा विभाग के अधीन एक स्वायत्त संस्था और डीम्ड यूनिवर्सिटी है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें