प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपनी पुणे यात्रा के दौरान कई योजनाओं का उद्घाटन किया। इस जौरान उन्होंने पुणे के सिम्बायोसिस विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पुणे के लोग जानते हैं कि देश ने टीकाकरण के माध्यम से पूरी दुनिया को अपना सामर्थ्य दिखाया है। पीएम मोदी ने ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन से छात्रों को वापस लाने का भी जिक्र किया।
सिम्बायोसिस की तारीफ
प्रधानमंत्री मोदी ने समारोह को संबोधित करते हुए सिम्बायोसिस में की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह ऐसा विश्वविद्यालय है जहां वसुधैव कुटुम्बकम् पर अलग से पाठ्यक्रम है। उन्होंने कहा कि ज्ञान का प्रसार हो और ज्ञान के माध्यम से पूरा विश्व एक परिवार के रूप में जुड़े यही भारत की संस्कृती रही है। आज भी यह संस्कृती जारी है, उन्हें इस बात की खुशी है।
आरोग्य धाम का शुभारंभ
प्रधानमंत्री मोदी ने सिम्बायोसिस विश्वविद्यालय में आरोग्य धाम का भी शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सिम्बायोसिस अपने स्वर्ण जयंती के मुकाम तक पहुंचा है। इन संस्थान की यात्रा में अनेक लोगों का योगदान होता है। जिन छात्रों ने यहां से पढ़कर सिम्बायोसिस के विजन को अपनाया और अपनी सफलता से सिम्बायोसिस को पहचान दी उनका उतना ही योगदान है। मैं इस अवसर पर सभी को बधाई देता हूं
मेट्रो रेल परियोजना का उद्घाटन
इससे पहले पीएम मोदी रविवार को महाराष्ट्र के पुणे पहुंचे। यहां उन्होंने मेट्रो रेल परियोजना का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने कुल 32.2 किमी पुणे मेट्रो रेल परियोजना के 12 किमी खंड का उद्घाटन किया। पीएम मोदी इसके बाद मेट्रो रेल में भी सवार हुए और मेट्रो में बैठे बच्चों से बातचीत की। बता दें कि मेट्रो की सवारी के लिए पीएम मोदी ने टिकट भी खरीदी। वहीं इससे पहले उन्होंने पुणे नगर निगम परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया।