केंद्र सरकार ने जवाहर नवोदय स्कूलों में 2019 सत्र से पांच हजार सीटों की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही विद्यालय में सीटों की संख्या 46 हजार से बढ़कर 51 हजार हो गई हैं। साथ ही सरकार ने नए सत्र से प्रति स्कूल दो काउंसलर भी नियुक्त करने पर भी सहमति जता दी है।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, जवाहर नवोदय समिति की ओर से सीटें बढ़ाने की मांग रखी गई थी। इसी के तहत केंद्र सरकार ने दस फीसदी सीटों की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। उक्त सभी पांच हजार सीटों पर 2019 में दाखिले होंगे।
जवाहर नवोदय स्कूलों के हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को किसी भी प्रकार की परेशानी से निजात दिलाने के लिए पहली बार एक महिला और एक पुरुष काउंसलर भी तैनात करने को भी मंजूरी दी गई है। गौरतलब है कि वर्ष 2014 से 2018 तक नौ हजार सीट की बढ़ोतरी की गई थी।