नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन 2025 की परीक्षा पैटर्न में बदलाव किया है। इसमें सेक्शन बी में अब छात्रों को विकल्प नहीं मिलेंगे। कोरोना के कारण सेक्शन बी में 10 प्रश्न किए गए थे, जिसमें से पांच को हल करना होता था। लेकिन अब सेक्शन बी में हर सब्जेक्ट में सिर्फ पांच ही प्रश्न होंगे और सभी का जवाब देना अनिवार्य रहेगा।
एनटीए की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, सेक्शन ए में मैथ्स, फिजिक्स और केमिस्ट्री में 20-20 सवाल होंगे जो मल्टिपल चॉइस क्वेश्चन ( एमसीक्यू बेस्ड) होंगे। सेक्शन बी में तीनों सब्जेक्ट में पांच-पांच सवाल होंगे और दोनों सेक्शन में नेगेटिव मार्किंग होगी। इस तरह से कुल 75 सवालों का जवाब देना होगा। जेईई मेन परीक्षा तीन घंटे की होगी।
एनटीए की तरफ से छात्रों को सलाह दी गई है कि एक ही आवेदन पत्र भरें। यदि कोई छात्र एक से अधिक ऑनलाइन आवेदन भरता है तो फिर उसका आवेदनपत्र रद करने के साथ उसे डिबार कर दिया जाएगा। उसके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज हो जाएगा। इसके कारण भविष्य में कभी किसी परीक्षा में शामिल नहीं सकेगा। आवेदन पत्र में गलत जानकारी देने पर भी मामला दर्ज का प्रावधान है।
उच्चस्तरीय समिति की रिपोर्ट के बाद कुछ और बदलाव : एनटीए में सुधार और परीक्षा प्रक्रिया की समीक्षा के लिए गठित उच्च स्तरीय की रिपोर्ट जल्द आएगी। इसके बाद परीक्षा में कुछ बदलाव होंगे। इसलिए एनटीए ने छात्रों को सलाह दी कि अधिक जानकारी के लिए एनटीए की अधिकारिक वेबसाइट को समय-समय पर जांचते रहें। जेईई मेन 2025 की परीक्षा हिंदी, अंग्रेजी समेत 13 भारतीय भाषाओं में आयोजित होगी। इसमें असमिया, बांग्ला, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, उडिया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू शामिल हैं।
परीक्षा के लिए 22 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार 22 नवंबर को रात नौ बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसी दिन रात 11:50 मिनट तक दाखिला प्रवेश परीक्षा की फीस जमा करनी होगी। जनवरी के पहले हफ्ते तक परीक्षा केंद्र और शहरों की जानकारी अपलोड की जाएगी। परीक्षा से तीन दिन पहले एडमिट कार्ड जारी होंगे। उम्मीदवार द्वारा ऑनलाइन आवेदन पत्र में लिखे परीक्षा केंद्र और शहर के आधार पर परीक्षा केंद्र अलॉट किए जाएंगे।