JEE Main Session 1 Results 2023: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन जनवरी सेशन का परिणाम जारी कर दिया गया है। इन परिणामों में कई स्टूडेंट्स के परिणाम रोक लिए गए थे। विभिन्न कारणों से रोके गए इन परिणामों को बुधवार के दिन जारी कर दिया गया।
एनटीए ने नहीं बताया कोई कारण
जिन विद्यार्थियों के परिणाम रोके गए थे, उन्हें कोई कारण नहीं बताया गया था। कई विद्यार्थियों ने इस संबंध में एनटीए को ई-मेल भी किया था। इसके बाद बताया गया था कि इन छात्रों के लिए कमेटी चर्चा करेगी। संभवतः इस चर्चा के बाद ही देर रात परिणाम जारी कर दिए गए। रोके गए परिणाम जारी करने के बाद भी कई छात्र ये आरोप भी लगा रहे हैं कि उन्हें अपनी रिस्पांस शीट में दिए गए उत्तर एवं आंसर-की के मिलान से प्राप्तांकों के आधार पर एनटीए स्कोर नहीं मिला है। इन छात्रों के पास अपने रिस्पांस शीट, प्रश्न पेपर और फाइनल आंसर-की भी है, जिसके आधार पर एनटीए स्कोर तैयार किया गया है। ये छात्र ई-मेल के माध्यम से एनटीए को सूचित कर रहे हैं।
गौरतलब है कि सभी विद्यार्थियों को अप्रैल परीक्षा में बैठने के लिए आवेदन करना अनिवार्य है। जेईई-मेन जनवरी की परीक्षा के लिए आवेदन कर चुके विद्यार्थियों को अपने पुराने आवेदन नंबर एवं पासवर्ड के माध्यम से आवेदन करना होगा। इन्हें केवल आवेदन के दौरान परीक्षा केन्द्र भरकर परीक्षा शुल्क जमा करवाना होगा।
इसके अतिरिक्त ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने पूर्व में जेईई-मेन जनवरी परीक्षा के लिए आवेदन नहीं किया है, उन्हें नए परीक्षार्थी के रूप में आवेदन करना होगा। इन छात्रों को आवेदन के तीनों चरणों को पूर्ण कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।