NEET PG 2022 Counselling: मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) आज यानी 06 जनवरी, 2023 से राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा स्नातकोत्तर यानी NEET PG 2022 की काउंसलिंग के लिए एक स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड की शुरुआत कर रहा है। इस काउंसलिंग राउंड में पहले से पंजीकृत उम्मीदवार जिनके पास ऑल इंडिया कोटा (AIQ) में सीट नहीं है या राज्य कोटे से काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं।
उम्मीदवार सीट आवंटन के लिए अपनी पसंद जमा करने के लिए एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जा सकते हैं। आधिकारिक कार्यक्रम के मुताबिक स्पेशल स्ट्रे वेकेंसी राउंड 06 से 08 जनवरी की शाम चार बजे तक जारी रहेगा। उम्मीदवार आठ जनवरी 11:59 बजे तक च्वॉइस फाइलिंग और च्वाइस लॉकिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
आधिकारिक नोटिस में आगे लिखा है, 'जिन उम्मीदवारों के पास ऑल इंडिया कोटा या स्टेट कोटा में कोई सीट नहीं है, वे स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड में भाग लेने के पात्र हैं। जिन उम्मीदवारों को स्पेशल स्ट्रे वेकेंसी राउंड में सीटें आवंटित की जाएंगी, उन्हें आवंटित संस्थान में रिपोर्ट करना होगा और अपने मूल दस्तावेजों के साथ सीट के लिए शामिल होना होगा।'
नीट पोस्ट ग्रेजुएट काउंसलिंग (NEET PG) 2022 से संबंधित जारी अहम अधिसूचना में कहा गया है कि कुल 2,244 पीजी सीटें और 62 एमडीएस सीटें अब तक खाली हैं। इनका विवरण यहां mcc.nic.in पर देखा जा सकता है। मेडिकल संसाधनों एवं बेशकीमती सीटों की बर्बादी न हो, इसके लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने अतिरिक्त राउंड की काउंसलिंग के आयोजन की मंजूरी दे दी है। स्पेशल स्ट्रे वेकेंसी राउंड में कोई नया पंजीकरण नहीं होगा। हालांकि, उम्मीदवारों को स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड के लिए फ्रेश च्वॉइस फिलिंग करनी होगी। उम्मीदवारों द्वारा पिछले राउंड में भरे गए पहले के विकल्प शून्य हो जाएंगे। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी यानी एमसीसी ने मंगलवार, तीन जनवरी, 2023 को अपनी आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर एक अधिसूचना जारी इसकी जानकारी दी है।