NEET, JEE Exams 2020: एचआरडी मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक का कहना है कि नीट और जेईई परीक्षाओं की स्थिति की समीक्षा एनटीए की कमेटी करेगी। एनटीए को पहले ही इसे लेकर निर्देश दिया जा चुका है। कमेटी कल तक मंत्रालय को अपनी अनुशंसा देगी। एचआरडी मंत्री ने अपने एक वीडियो संदेश के जरिए यह जानकारी दी है।
उन्होंने कहा कि नीट और जेईई की परीक्षा में बैठने वाले सभी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का निवेदन है कि वर्तमान की परिस्थितियों को मद्देनजर रखते हुई इन परीक्षाओं को स्थगित किया जाए। ऐसे में मंत्रालय की तरफ से पहले ही एनटीए को कमेटी बनाकर इस पर विचार करने के लिए कहा जा चुका है। एनटीए कमेटी बनाकर नीट और जेईई परीक्षाओं के आयोजन की स्थिति पर विचार कर एवं सभी परिस्थितियों का आंकलन कर कल तक अपनी अनुशंसा देगी। एनटीए की अनुशंसा के बाद नीट और जेईई परीक्षाओं को लेकर ठोस निर्णय लिया जा सकेगा। गौरतलब है कि कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए विद्यार्थियों और अभिभावकों की तरफ से नीट और जेईई परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग की जा रही है। इसे लेकर विद्यार्थियों ने सोशल मीडिया पर मुहिम भी चला रखी है।
नीट की परीक्षा 26 जुलाई को होनी है। इसमें करीब 16 लाख छात्र बैठेंगे। जबकि जेईई मेन की परीक्षा 18 से 23 जुलाई के बीच आयोजित की जानी है।