परीक्षा देकर केंद्र से बाहर आते परीक्षार्थी
- फोटो : amar ujala
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आखिरी बार नीट (NEET) परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों को आवेदन में सुधार की सुविधा और परीक्षा केंद्रों को बदलने की अनुमति दी है। अभ्यर्थी अपने हिसाब से NEET के परीक्षा केंद्रों को बदल सकते हैं। यह प्रक्रिया एप्लीकेशन फॉर्म में सुधार के जरिए की जा सकती है। इससे पहले एनटीए ने एप्लीकेशन में सुधार विंडों को तीन मई तक आगे बढ़ाया था। अब अभ्यर्थी अपने आवेदन में 31 मई की शाम पांच बजे तक सुधार कर सकते हैं और परीक्षा केंद्रों में बदलाव कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें-दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ने 'ओपन मोड' परीक्षा प्रणाली को बताया भेदभावपूर्ण
नीट परीक्षा का आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी कराती है। इस परीक्षा में 11वीं और 12वीं कक्षा के पाठ्यक्रम से सवाल पूछे जाते हैं। इसमें भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान,वनस्पति विज्ञान और जीव विज्ञान विषय से सवाल पूछे जाते हैं। विद्यार्थी इस परीक्षा को हिंदी, अंग्रेजी के साथ ही नौ अन्य भाषाओं में भी दे सकते हैं। जिनमें ऊर्दू और गुजराती भी शामिल है। यह परीक्षा तीन घंटे और कुल 720 अंकों की होती है। इसमें 180 प्रश्न पूछे जाते हैं। हर प्रश्न के सही उत्तर पर अभ्यर्थी को चार नंबर मिलते हैं। जबकि गलत जवाब देने पर एक नंबर कटता है। इस बार यह परीक्षा 26 जुलाई को है।
उम्मीदवारों ने लॉकडाउन के दौरान संसाधनों की अनुपलब्धता के बारे में एनटीए से शिकायत की थी। इसके बाद एनटीए ने 31 मई तक आवेदन में सुधार की ताकीख बढ़ा दी है। NEET की परीक्षा 154 केंद्रों पर होगी और 15 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी इस परीक्षा को देंगे। 1632 कॉलेजों में इस प्रवेश परीक्षा के जरिए विद्यार्थियों को मेडिकल कोर्स में दाखिला मिलेगा। इस परीक्षा को देने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम उम्र 17 साल और अधिकतम उम्र 25 साल से कम होनी चाहिए। NEET में सफलता के लिए जनरल कैटिगिरी के अभ्यर्थियों को 50 फीसदी नंबर और पीडब्ल्यू कैटिगिरी के अभ्यर्थियों को 45 फीसदी एवं एससी/एसटी/ओबीसी कैटिगिरी के अभ्यर्थियों को 40 फीसदी नंबर लाना अनिवार्य है।
नीट की परीक्षा में जीव विज्ञान से 90 प्रश्न, भौतिक विज्ञान से 45 प्रश्न और रसायन विज्ञान से 45 प्रश्न पूछे जाते हैं। इस परीक्षा के सभी खंडों में भौतिकी खंड को सबसे ज्यादा कठिन माना जाता है। इसमें 180 अंक के कुल 45 प्रश्न पूछे जाते हैं। ये प्रश्न इलेक्ट्रोस्टैटिक्स, मैकेनिक्स और इलेक्ट्रॉनिक्स के होते हैं। विद्यार्थियों को NEET में सफलता के लिए गहराई से पढ़ने के साथ ही टाइम मैनेटमेंट का हुनर आना भी जरूरी है।