महाराष्ट्र स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए एमयूएचएस फाइनल ईयर परीक्षा 2021 को स्थगित कर दिया है। इन परीक्षाओं को अगली सूचना तक के लिए टाल दिया गया है। देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर की वजह से पैदा हुई स्थिति के चलते परीक्षाओं को स्थगित किया गया है। एमयूएचएस एमडी और एमएस फाइनल ईयर परीक्षा 24 जून से शुरू होने वाली थी, लेकिन इनको अब अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में जारी आधिकारिक अधिसूचना अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट muhs.ac.in पर देख सकते हैं।
इसे भी पढ़ें-केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड: 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए काउंसलिंग एप लॉन्च
बता दें कि कोरोना वायरस के बढ़ते हुए संक्रमण को देखते हुए कई राज्यों ने अपने यहां कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। नीट पीजी परीक्षा को भी तीन महीने तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। सीबीएसई और राज्य बोर्डों ने कोरोना की वजह से दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है। महाराष्ट्र विश्वविद्यालय ने भी स्नातक पाठ्यक्रम की परीक्षाओं को स्थगित किया है। कोरोना के चलते कई सरकारी भर्ती परीक्षाओं को भी स्थगित करना पड़ा है। इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं जेईई मेन और जेईई एडवांस को भी टाल दिया गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी पहले ही ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (AIAPGET) 2021 को स्थगित कर चुकी है।