62.84 फीसदी रहा मध्यप्रदेश बोर्ड के दसवीं का रिजल्ट (फाइल फोटो)
MP Board 10th Result 2020: मध्य प्रदेश बोर्ड ने शनिवार को दसवीं कक्षा के नतीजे घोषित किए।इस साल दसवीं कक्षा का रिजल्ट 62.84 फीसदी रहा है। जो कि पिछले साल से डेढ़ फीसदी ज्यादा है। साल 2019 में दसवीं कक्षा का रिजल्ट 61.32 फीसदी रहा था। रिजल्ट की घोषणा के बाद सूबे के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'मेरे प्यारे बच्चों, आज दसवीं का परीक्षा परिणाम आया है। परीक्षा में सफल सभी बच्चों को बधाई! तुम्हारा भविष्य उज्ज्वल हो। माता-पिता और प्रदेश का नाम रौशन करो। मेरी शुभकामनाएं साथ हैं।
बता दें कि जो विद्यार्थी इस बार मध्य प्रदेश बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन के दसवीं परीक्षा में उत्तीर्ण नहीं हुए हैं, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। ऐसे विद्यार्थियों के पास पूरक (सप्लीमेंटरी) परीक्षा का विकल्प बचा हुआ है। ये विद्यार्थी पूरक परीक्षाएं देकर दसवीं कक्षा में पास हो सकते हैं। बोर्ड जल्द ही पूरक परीक्षाओं की तिथि जारी करेगा।
इसे भी पढ़ें- MPBSE 10th Result 2020: दसवीं कक्षा के नतीजे जारी, ऐसे देखें अपना रिजल्ट
25 विद्यार्थियों ने बनाई मेरिट में जगह, पिछले साल से बेहतर रहा इस साल का रिजल्ट
इस साल दसवीं कक्षा में 25 विद्यार्थियों ने मेरिट में जगह बनाई है। पिछले साल के मुकाबले इस साल एमपी बोर्ड के दसवीं कक्षा का रिजल्ट बेहतर रहा है। दसवीं कक्षा में 15 विद्यार्थियों ने टॉप किया है। इनमें अभिनव शर्मा, लक्षदीप धाकड़, प्रियांश रघुवंशी, पवन भार्गव, चतुर कुमार, हरिओम पाटीदार, राजनंदिनी सक्सेना, सिद्धार्थ नाथ शेखावत, हर्ष प्रताप सिंह, कविता लोधी, मुस्कान मालवीय, देवांशी रघुवंशी, कर्णिका मिश्रा, प्रशांत विश्वकर्मा, वेदिका विश्वकर्मा हैं। इन सभी विद्यार्थियों के 100 फीसदी नंबर हैं।
लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से रहा बेहतर
इस साल एमपी बोर्ड के दसवीं कक्षा में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा है। 65.87 फीसदी लड़कियों ने सफलता हासिल की है, जबकि 60.09 फीसदी छात्र ही पास हुए हैं। दसवीं कक्षा टॉप करने वाले अभिनव शर्मा भिंड के रहने वाले हैं। उन्होंने 300 में 300 अंक हासिल किए हैं। इसके अलावा पहले स्थान पर दो अन्य छात्र रहें। इनमें गुना के लक्षदीप दानकर और पवन भार्गव दोनों ने ही परीक्षा में 300 अंक हासिल किए हैं। मध्य प्रदेश बोर्ड के दसवीं परीक्षा में इस साल 11.27 लाख उम्मीदवार उपस्थित हुए थे। 4.73 लाख लड़कों ने दसवीं की परीक्षा दी थी। जबकि 4.27 लाख लड़कियां परीक्षा में शामिल हुए थी।