केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने गुरुवार को कक्षा छह से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए वैकल्पिक अकादमिक कैलेंडर जारी किया। इस वैकल्पिक अकादमिक कैलेंडर को एमएचआरडी के दिशा-निर्देशों के अनुसार एनसीईआरटी ने तैयार किया है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय का कहना है कि इस वैकल्पिक अकादमिक कैलेंडर का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रगति का आकलन करना और शिक्षकों एवं अभिभावकों को सुविधा प्रदान करना है। कैलेंडर में लॉकडाउन के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए सुझाव दिए गए हैं।
एमएचआरडी का कहना है कि इस वैकल्पिक कैलेंडर में जो गतिविधियां दी गई हैं वो विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों पर ध्यान केंद्रित करती हैं। इस वैकल्कि कैलेंडर को शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने जारी किया। उनका कहना है कि यह कैलेंडर शिक्षकों को विभिन्न तकनीकी और सोशल मीडिया टूल का उपयोग करने के लिए दिशा-निर्देश प्रदान करता है।विद्यार्थी लॉकडाउन के दौरान घर पर ही रहते हुए इस वैकल्पिक कैलेंडर के जरिए ऑनलाइन पढ़ाई कर सकते हैं।