महाराष्ट्र बोर्ड ने दसवीं कक्षा की परीक्षा रद्द कर दी है। कोरोना महामारी की वजह से दसवीं कक्षा की परीक्षा रद्द की गई है। दसवीं कक्षा के छात्रों को अब आंतरिक मूल्यांकन के जरिए पास किया जाएगा। हालांकि अभी बोर्ड ने आंतरिक मूल्यांकन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी नहीं दी है। दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को पास करने के लिए मार्किंग स्कीम क्या होगी इसकी जानकारी बोर्ड की तरफ से साझा नहीं की गई है। सूबे की शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ का कहना है कि दसवीं कक्षा के छात्रों के रिजल्ट की तारीख और आंतरिक मूल्यांकन की प्रक्रिया के बारे में जल्द ही जानकारी दी जाएगी।
इसे भी पढ़ें-कर्नाटक कॉमन एंट्रेंस टेस्ट: स्थगित हुई केसीईटी परीक्षा, शिक्षा मंत्री ने बताया अब कब होगी?
बता दें कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर की वजह से लगभग सभी राज्यों ने दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। कुछ राज्यों ने दसवीं कक्षा की परीक्षा को रद्द किया है और छात्रों को आंतरिक मूल्यांकन के जरिए पास करने की घोषणा की है। महाराष्ट्र बोर्ड ने भी सीबीएसई के दसवीं कक्षा के परीक्षा को रद्द करने के बाद दसवीं कक्षा की परीक्षा को कैंसल करने का फैसला लिया था। इससे पहले सीबीएसई बोर्ड और आईसीएसई बोर्ड ने दसवीं कक्षा की परीक्षा को रद्द कर आंतरिक मूल्यांकन के जरिए विद्यार्थियों को पास करने की घोषणा की थी।
इसे भी पढ़ें-पश्चिम बंगाल बोर्ड परीक्षा 2021: क्या रद्द हो जाएगी 1 जून से होने वाली 10वीं की परीक्षा?
सीबीएसई बोर्ड ने दसवीं कक्षा की नई मार्किंग स्कीम भी जारी कर दी है और बोर्ड 20 जून को दसवीं का रिजल्ट जारी करेगा। लेकिन अभी महाराष्ट्र बोर्ड ने दसवीं कक्षा के रिजल्ट जारी होने के तारीख और मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी नहीं दी है। पिछले साल बोर्ड ने कोरोना के कारण भूगोल की परीक्षा को रद्द कर दिया था। इस साल सूबे में दसवीं कक्षा की परीक्षा 23 अप्रैल से लेकर 21 मई के बीच आयोजित होनी थी। बोर्ड ने बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को मई आखिर तक के लिए स्थगित किया है। हालांकि अभी बारहवीं कक्षा की परीक्षाएं कब होंगी इस पर अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है।