राजस्थान में जनवरी के पहले हफ्ते से ट्रायल के आधार पर स्कूल खुल सकते हैं। नौवीं से लेकर बारहवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए नए साल के पहले हफ्ते से ट्रायल के आधार पर स्कूलों को फिर से खोला जा सकता है। इसके लिए शिक्षा मंत्री ने सरकार के पास 15 दिनों के ट्रायल का सुझाव भेजा है। जिस पर सरकार की मुहर लगना बाकी है।
सरकार से मंजूरी मिलते ही जनवरी के पहले सप्ताह से ट्रायल के आधार पर नौवीं से लेकर बारहवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए स्कूलों को फिर से खोला जाएगा। पहले 15 दिनों के लिए स्कूल खोले जाएंगे।इसके बाद आगे स्कूलों को खोले रखने का फैसला स्थितियों के मूल्यांकन के बाद लिया जाएगा। गौरतलब है कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए मार्च से ही स्कूल, कॉलेज और उच्च शिक्षण संस्थान बंद हैं और छात्रों को ऑनलाइन शिक्षा दी जा रही है।
शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा का कहना है कि हमारी प्राथमिकता बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ उचित शिक्षा सुनिश्चित करना है। इसके अलावा कोरोना वायरस से बच्चे प्रभावित न हो यह प्राथमिकता सुनिश्चित करना भी सरकारी की जिम्मेदारी है। शिक्षा मंत्री का कहना है कि इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग से सुझाव लेकर स्कूलों को फिर से खोलने की तैयारी चल रही है। हालांकि, इस पर आखिर निर्णय सूबे के मुख्यमंत्री द्वारा लिया जाएगा।