दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2019-20 में स्नातक कोर्सेज में दाखिले के लिए तीन कटऑफ तक आने की संभावना है। सातवीं कटऑफ लिस्ट के बाद भी कॉलेजों में सीटें खाली हो रही हैं। इसलिए और कटऑफ निकाले जाने पर विचार किया जा रहा है। मालूम हो कि बीते साल भी 10 कटऑफ जारी की गई थी।
डीयू में सातवीं कटऑफ लिस्ट के दाखिले का बृहस्पतिवार को अंतिम दिन था। अब इस कटऑफ के आधार पर शुक्रवार तक फीस जमा कराई जा सकती है। इस लिस्ट में भी काफी विद्यार्थियों ने अपने दाखिले रद्द कराए हैं। चूंकि, मंगलवार से शुरू हुई डीयू के प्रोफेशनल कोर्सेज बीएमएस, बीबीई व बीबीएएफआई की दाखिला प्रक्रिया 19 अगस्त तक चलेगी। ऐसे में उम्मीद है कि अभी और दाखिले रद्द होंगे। इसलिए खाली सीटों को भरने के लिए प्रशासन को और कटऑफ निकालनी पड़ेंगी।
इस संबंध में दाखिला कमेटी ही फैसला करेगी। बताया जा रहा है कि मंगलवार तक इस संबंध में फैसला हो सकता है। वहीं, बृहस्पतिवार को सर्वाधिक दाखिले ईकोनॉमिक्स-ऑनर्स में हुए। राजधानी कॉलेज में 18 दाखिले हुए और 76 दाखिले रद्द कराए गए। अरबिंदो कॉलेज में 17 व किरोड़ीमल कॉलेज में 16 दाखिले हुए।
ये भी पढ़ें- CBSE ने दोगुनी की बोर्ड फीस, परीक्षा देने के लिए अब भरने होंगे हजारों रुपए