केरल के सरकारी और निजी स्कूलों में पहली कक्षा के लिए दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहली कक्षा में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया 19 मई से ऑनलाइन शुरू हुई है। अन्य कक्षाओं में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 26 मई से शुरू होगी। पहली कक्षा के प्रवेश फॉर्म वेबसाइट पर जारी हो चुके हैं। अभिभावक ऑफिशियल वेबसाइट sampoorna.kite.kerala.gov.in के जरिए प्रवेश फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं।
दाखिले की प्रक्रिया को समझाने के लिए अभिभावकों के लिए एक वीडियो भी जारी किया गया है।इस वीडियो ट्यूटोरियल के जरिए माता-पिता बच्चों के दाखिले की पूरी प्रक्रिया को समझ सकते हैं। इसके अलावा, दाखिले की पूरी गाइडलाइन भी जारी की गई है। गौरतलब है कि केरल सरकार ने पिछले साल घोषणा की थी कि स्कूल में दाखिले की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। यह घोषणा कोरोना वायरस के मद्देनजर की गई थी।
सरकार का कहना था कि छात्रों को उनके स्कूल ट्रांसफर सर्टिफिकेट वेबसाइट पर मिलेंगे। बता दें कि सूबे की सरकार ने कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कारण पैदा हुए हालात और कोरोना संक्रमण बढ़ने की वजह से पगली से लेकर नौवीं कक्षा तक के छात्रों को इस साल बिना परीक्षा ही प्रमोट करने की घोषणा की है। इसके अलावा, दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है।
पहली से लेकर नौवीं तक के छात्रों को बिना एग्जाम अगली कक्षा में पदोन्नत करने की प्रक्रिया 25 मई तक पूरी कर ली जाएगी।