JEE Main 2025: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की जेईई मेन 2025 परीक्षा (JEE Main 2025) की तैयारियों का दावा पहले ही दिन गलत साबित हुआ। स्नातक इंजीनियरिंग दाखिले की जेईई मेन 2025 की परीक्षा के पहले ही दिन तकनीकी खामी से छात्र परेशान हुए। जेईई मेन सेशन-1 परीक्षा 22 जनवरी को शुरू हुई।
एनटीए को पहले ही दिन तकनीकी खराबी के चलते बेंगलुरु में एक परीक्षा केंद्र को बदलना पड़ा। कर्नाटक में तकनीकी खामी वाले सेंटर के 114 उम्मीदवारों की परीक्षा प्रभावित हुई।
28/29 जनवरी को फिर होगी परीक्षा
एनटीए द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि “परीक्षा केंद्र ईटैलेंट, (टीसी कोड- 40086), नंबर 3, बेलमार एस्टेट, नागासांद्रा मेन रोड, अमरावती लेआउट, नगरा बावी, नालागद्दरनाहल्ली, पीन्या बेंगलुरु, कर्नाटक में 22 जनवरी 2025 को जेईई (मुख्य) -2025 सत्र- I (शिफ्ट- I) परीक्षा के संचालन के दौरान तकनीकी खराबी के अपरिहार्य कारण से, 114 प्रभावित उम्मीदवारों के लिए परीक्षा री-शेड्यूल की जाती है और 28/29 जनवरी 2025 को फिर से आयोजित की जाएगी।
114 परीक्षार्थी दोबारा होंगे परीक्षा में शामिल
एनटीए के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जेईई मेन 2025 की परीक्षा के लिए भारत समेत विदेशों में 15 शहरों में केंद्र बनाए गए हैं। कर्नाटक के एक सेंटर में तकनीकी दिक्कत आई है। इन छात्रों के लिए अब 28 और 29 जनवरी को दोबारा से परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए उन्हें दोबारा नए एडमिट कार्ड जारी होंगे।
जेईई मेन 2025 परीक्षा कार्यक्रम
जेईई मेन 2025 सेशन-1 परीक्षा 22 जनवरी से 30 जनवरी तक होनी है। जिसमें 29 जनवरी तक जेईई मेन पेपर-1 यानी बीई/बीटेक के लिए होगी, जबकि 30 जनवरी को पेपर-2 होगी। परीक्षा दो शिफ्ट में हो रहा है। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक होगी।