JEE Advanced: सार्वजनिक परीक्षाओं की नियमितता बनाए रखना जरूरी
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को सुनवाई के दौरान स्पष्ट तौर पर कहा कि इस मामले में जेईई एडवांस्ड (JEE Advanced) परीक्षा 2022 रविवार, 28 अगस्त को ही होनी है और वह इसमें हस्तक्षेप नहीं करना चाहता। शीर्ष अदालत ने कहा कि सार्वजनिक परीक्षाओं की नियमितता बनाए रखना महत्वपूर्ण है। इनसे लाखों उम्मीदवार प्रभावित होते हैं। इसलिए, जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेएस बोपन्ना और जस्टिस जेबी पार्डीवाला की पीठ ने मामले पर विचार करने से इनकार कर दिया। पीठ ने कहा कि परीक्षा रविवार को होने दें। हम कोई और जटिलता नहीं चाहते हैं। इसके बाद याचिकाकर्ताओं ने याचिका वापस लेने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें :
NEET UG 2022: चार सितंबर को इन केंद्रों पर फिर से होगी नीट यूजी परीक्षा, एडमिट कार्ड भी हुए जारी
JEE Advanced 2022 परीक्षा कार्यक्रम में नहीं होगा बदलाव
सुप्रीम कोर्ट के द्वारा जेईई मेन 2022 में अतिरिक्त प्रयास के अनुरोध को खारिज करने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि 2022 की जेईई एडवांस्ड की परीक्षा भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी और इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी यानी एनटीए की ओर से जेईई मेन 2022 के परिणाम पहले ही घोषित किए जा चुके हैं। इस साल, जेईई मुख्य परीक्षा दो बार जून और जुलाई में आयोजित की गई थी। जेईई मेन कट ऑफ क्वालीफाई करने वाले शीर्ष ढाई लाख उम्मीदवार जेईई एडवांस्ड परीक्षा में शामिल होने के पात्र होते हैं, हालांकि इन्हें भी अलग से रजिस्ट्रेशन कराना होता है।
यह भी पढ़ें :
JEE Advanced 2022: जेईई एडवांस में शामिल हो रहे उम्मीदवार ऐसे करें आखिरी समय में तैयारी, मिलेंगे बेहतर अंक