JEE Advanced 2020: आईआईटी दिल्ली ने कहा है कि जेईई एडवांस्ड परीक्षा 2020 में शामिल होने वाले करीब 98 फीसदी छात्रों का परीक्षा केंद्र उसी शहर में रखा गया है जो कि उन्होंने आवेदन पत्र में पहली तीन च्वॉइस में भरा था। इस वर्ष करीब 1.6 लाख उम्मीदवारों ने जेईई एडवांस्ड के लिए आवेदन किया है। परीक्षा 27 सितंबर, 2020 को होनी है।
आईआईटी दिल्ली के एक अधिकारी ने कहा कि रजिस्ट्रेशन करने और परीक्षा की फीस भरने वाले कुल उम्मीदवारों में से 97.94 फीसदी छात्रों को उनकी पहली तीन च्वॉइस में से ही एग्जाम सिटी दी गई है। शेष 2.06 फीसदी छात्रों को उनकी पहली आठ पसंद में से एग्जाम सिटी अलॉट की गई है। इसके अलावा एग्जाम सिटी का आवंटन एडवांस्ड एल्गोरिदम के आधार पर किया गया है। अधिकारी ने यह भी दावा किया कि परीक्षा केंद्र पिछले वर्ष (600) की तुलना में इस वर्ष (1000) काफी बढ़ा दिए गए हैं। एग्जाम सिटी की संख्या भी 164 से बढ़ाकर 222 कर दी गई है। इसके अलाव जो छात्र इस परीक्षा में शामिल होने वाले हैं, उन्हें कुछ खास बातों का ध्यान रखना आवश्यक होगा।
मालूम हो कि JEE Advanced 2020 परीक्षा के लिए योग्य छात्रों में से सिर्फ 64 फीसदी छात्रों ने ही आवेदन किया है। जेईई मेन परीक्षा के टॉप 2.45 लाख अभ्यर्थी जेईई एडवांस्ड परीक्षा में बैठने के लिए योग्य होते हैं लेकिन इस बार सिर्फ 1.60 लाख छात्रों ने ही आवेदन किया है। इस बार जेईई एडवांस 2020 की परीक्षा का आयोजन आईआईटी दिल्ली की तरफ से हो रहा है। आईआईटी संस्थानों में इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए इस परीक्षा का आयोजन किया जाता है।