नीट यूजी 2022 की परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को बता दें कि तथ्यात्मक जांच-पड़ताल में यह सर्कुलर फर्जी पाया गया है। इसकी पुष्टि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) ने भी की है। पीआईबी की फैक्ट चेक टीम ने भी मंगलवार, 21 जून को एक नोटिस जारी करते हुए, नीट-यूजी के उम्मीदवारों को परीक्षा स्थगित करने के संबंध में प्रसारित किए जा रहे फर्जी नोटिस के खिलाफ सजग किया है।
पीआईबी ने ट्वीट कर बताया, सोशल मीडिया पर एक नोटिस वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट (यूजी) को 17 जुलाई, 2022 के बजाय 04 सितंबर, 2022 के लिए पुनर्निर्धारित किया है। पत्र में दावा किया गया है कि लाखों छात्रों ने ट्विटर पर अपनी चिंताओं को उठाया है और उन्हें पत्र भी लिखा है। इसके बाद शिक्षा मंत्रालय और एनटीए ने भी यही अनुरोध किया है। यह नोटिस फर्जी है।
बता दें कि नीट यूजी के उम्मीदवारों के साथ-साथ उनके माता-पिता, हाल ही में खत्म हुई सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं का हवाला देते हुए स्नातक मेडिकल प्रवेश परीक्षा को स्थगित करने की मांग लगातार कर रहे हैं। क्योंकि 12वीं की परीक्षाओं में देरी से नीट यूजी की तैयारी के लिए समय कम मिल पा रहा है। हाल ही में, मेडिकल छात्र संगठनों और पेरेंट्स एसोसिएशन ने भी प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की थी। इस बीच, नीट यूजी के लिए पंजीकरण प्रक्रिया समाप्त हो गई है। नीट यूजी परीक्षा 17 जुलाई को निर्धारित है और इसके लिए जुलाई के पहले सप्ताह तक एडमिट कार्ड जारी होने की उम्मीद है।