कितने टॉपर्स, किस आईआईटी में गए
इस वर्ष टॉप-50 रैंक वाले विद्यार्थियों में से 46 ने आईआईटी बॉम्बे में, एक-एक ने आईआईटी, मद्रास व दिल्ली में प्रवेश लिया है। इसके साथ ही आल इंडिया टॉपर ने आईआईएससी बैंगलोर की मैथ्स एंड कंप्यूटिंग ब्रांच ज्वॉइन की। टॉप-100 में से 68 विद्यार्थियों ने आईआईटी बॉम्बे, 28 विद्यार्थियों ने आईआईटी दिल्ली, दो ने आईआईटी मद्रास को चुना। इसी तरह टॉप-1000 में से 246 विद्यार्थियों ने आईआईटी बॉम्बे, 210 विद्यार्थियों ने आईआईटी, दिल्ली; 110 विद्यार्थियों ने आईआईटी, मद्रास; 107 विद्यार्थियों ने आईआईटी, कानपुर; 93 विद्यार्थियों ने आईआईटी, खड़गपुर; 66 विद्यार्थियों ने आईआईटी, गुवाहाटी; 60 विद्यार्थियों ने आईआईटी, रुड़की; 40 ने आईआईटी, हैदराबाद; 31 ने आईआईटी, बीएचयू; सात विद्यार्थियों ने आईआईटी, इंदौर; व एक विद्यार्थी ने आईआईटी, रोपड़ में प्रवेश लिया।
आईआईटी की 29 सीटों पर कोई आवंटन नहीं
इंजीनियरिंग करिअर काउंसलर अमित आहूजा ने बताया कि इस वर्ष आईआईटी में प्रवेश के लिए छह राउंड में जोसा काउंसलिंग संपन्न हुई। छठे राउंड के फाइनल आवंटन के जारी किए आंकड़ों के अनुसार, आईआईटी की कुल 29 सीटें ऐसी रही, जिन पर किसी विद्यार्थी को आवंटन नहीं हुआ। यानी इन आईआईटी की ये ब्रांच ऐसी रहीं, जिन्हें किसी भी विद्यार्थी ने काउंसलिंग च्वॉइस में भरा ही नहीं। इनमें आईआईटी, जोधपुर की छह; आईआईटी, धनबाद और बीएचयू की नौ-नौ; आईआईटी जम्मू की तीन; आईआईटी, रोपड़ व धारवाड़ की 1-1 सीटें ऐसी रही जो आवंटित सीटों की तुलना में कुल सीटों से कम रही।
इन ब्रांचों को दी प्राथमिकता और इनकी हुई उपेक्षा
आहूजा ने बताया कि काउंसलिंग में शामिल कुल 38 हजार 296 विद्यार्थियों ने 47 लाख 33 हजार 894 च्वॉइसेज को जोसा काउंसलिंग में भरा। इनमें से 22 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने बॉम्बे, दिल्ली, कानपुर, रुड़की, खड़गपुर की कंप्यूटर साइंस को प्राथमिकता दी। 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने हैदराबाद, मद्रास, गुवाहाटी की कंप्यूटर साइंस ब्रांच को प्राथमिकता में रखा। इसके अतिरिक्त आईआईटी, धारवाड़ की इंट्रा-डिसिप्लिनरी साइंस, आईआईटी, जोधपुर की फिजिक्स एंड केमिस्ट्री स्पेशलाइजेशन; आईआईटी, धनबाद की अप्लाई जू-लॉजी एवं जीओ फिजिक्स, आईआईटी, बीएचयू की बी-फॅार्मा; आईआईटी, मद्रास की बायोलॉजिकल साइंस सबसे उपेक्षित ब्रांचों में रही, जिनके लिए पांच हजार से भी कम विद्यार्थियों ने च्वॉइस फिलिंग में प्राथमिकता में रखा।