पंजीकरण करते समय इन बातों का रखें ध्यान
प्रो. गोस्वामी ने कहा कि पंजीकरण फॉर्म भरते समय अभ्यर्थी सभी निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ें और अपने पाठ्यक्रमों एवं परिसरों की प्राथमिकताओं को सावधानीपूर्वक भरें। फॉर्म जमा हो जाने के बाद प्राथमिकताओं में किसी भी प्रकार का परिवर्तन स्वीकार नहीं किया जाएगा। चयनित पाठ्यक्रम की पुष्टि के लिए अभ्यर्थियों को 20,000 रुपये अग्रिम ट्यूशन शुल्क के रूप में जमा करना अनिवार्य होगा। शेष शुल्क निर्धारित समय-सीमा के भीतर जमा कर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।
यह भी पढ़ें- यूपीपीएससी सीईएस प्रारंभिक परीक्षा के नतीजे घोषित; 7358 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए योग्य
दस्तावेज और पात्रता से जुड़े निर्देश
उन्होंने बताया कि एमए कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए कोई आयु सीमा नहीं है। डिप्लोमा कार्यक्रमों हेतु आयु सीमा से संबंधित जानकारी हेतु अभ्यर्थियों को पंजीकरण से पूर्व निर्देश अवश्य पढ़ने की सलाह दी जाती है। प्रो. गोस्वामी ने यह भी बताया कि सभी अभ्यर्थियों के लिए उच्च माध्यमिक प्रमाणपत्र (हाई स्कूल सर्टिफिकेट) द्वारा जन्मतिथि का सत्यापन और स्नातक की अंतिम अंकतालिका प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। जो अभ्यर्थी स्नातक के अंतिम परिणाम की प्रतीक्षा में हैं, उन्हें निर्धारित तिथि के भीतर संबंधित दस्तावेज जमा करने होंगे।
यदि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी जाति प्रमाण पत्र तत्काल प्रस्तुत नहीं कर पाते हैं, तो वे प्रवेश के समय स्वप्रमाणित घोषणा-पत्र (अंडरटेकिंग) देकर निर्धारित समय के भीतर जाति प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं।