इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय ने जून 2021 टर्म एंड एग्जामिनेशन (TEE) के लिए असाइनमेंट या प्रोजेक्ट के जमा करने की तारीख बढ़ाने के संबंध में कोई अधिसूचना जारी नहीं की है। असाइनमेंट, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, इंटर्नशिप, फील्डवर्क, जर्नल और शोध प्रबंध जमा करने की अंतिम तिथि आज यानी कि 31 मई है। ऑफलाइन और ऑनलाइन टर्म-एंड परीक्षा के लिए असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तिथि 31 मई ही है।
इग्नू की तरफ से यह स्पष्टीकरण ऐसे समय में आया है जब जून टीईई के लिए नामांकित छात्रों को अंतिम तिथियों के विस्तार के संबंध में क्षेत्रीय केंद्रों द्वारा फेसबुक, व्हाट्सएप और टेलीग्राम फॉरवर्ड संदेश प्राप्त हुए हैं। वहीं, कोरोना वायरस की दूसरी लहर को देखते हुए कई विद्यार्थी असाइनमेंट जमा करने की आखिरी तारीख आगे बढ़ाने का अनुरोध कर रहे हैं। कई छात्रों का कहना है कि वे यास चक्रवात से प्रभावित हैं इसलिए जून टीईई के लिए असाइनमेंट और प्रोजेक्ट वर्क की तारीख आगे बढ़नी चाहिए।