इग्नू यानी इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने दिसंबर टीईई (टर्म एंड एग्जाम) 2020 के लिए पुनर्मूल्यांकन फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख आगे बढ़ा दी है। अब पुनर्मूल्यांकन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून, 2021 तक कर दी गई है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना नोटिस भी जारी किया है। जिसे उम्मीदवार इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट ignou.ac.in पर देख सकते हैं।
आपकी सुविधा के लिए हम यहां इग्नू की ओर से संबंधित जानकारी वाले ट्वीट को दिखा रहे हैं। इसमें आधिकारिक तौर पर नोटिस जारी करते हुए अंतिम तिथि आगे बढ़ाने की घोषणा की गई है। राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से कहा गया है कि अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय कोविड-19 की बढ़ती दूसरी लहर के कारण लॉकडाउन को देखते हुए किया गया है। हालांकि, उन सभी छात्रों के लिए 30 दिनों का जमा करने का समय उपलब्ध है, जिनके परिणाम आधिकारिक नोटिस के अनुसार दो जून, 2021 से घोषित किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही दिसंबर 2020 सत्र के लिए डीईसीई परियोजना रिपोर्ट पुन: जमा करने के लिए ऑनलाइन लिंक की अंतिम तिथि 30 जून, 2021 तक बढ़ा दी गई है। उम्मीदवार 30 जून तक अंतिम परियोजना / शोध प्रबंध / फील्डवर्क जर्नल / इंटर्नशिप रिपोर्ट जमा कर सकते हैं। राष्ट्रव्यापी कोविड -19 महामारी के मद्देनजर, विश्वविद्यालय ने अंतिम परियोजना / शोध प्रबंध / क्षेत्र कार्य प्रस्तुत करने के लिए ऑनलाइन मोड शुरू करने और अपनाने का निर्णय लिया है।
इस बीच, इग्नू जून टीईई 2021 आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि भी 30 जून, 2021 तक बढ़ा दी गई है। टीईई जून 2021 के लिए परीक्षा फॉर्म जमा करना, टीईई परीक्षा के लिए ऑनलाइन / भौतिक रूप से असाइनमेंट जमा करना, परियोजना रिपोर्ट, शोध प्रबंध, इंटर्नशिप, फील्डवर्क जर्नल 30 जून तक किया जा सकता है।