अब छात्रों को नौकरी करने के योग्य बनाने के लिए वीडियोज की मदद ली जा रही है। उत्तर प्रदेश की डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (AKTU) ने इसकी शुरुआत की है। विवि ने फैसला किया है कि छात्रों के लिए नौकरी के अवसर विकसित करने के लिए निजी कंपनियों की मदद से वीडियो तैयार किए जाएंगे।
इन वीडियोज के जरिए निजी कंपनियों के प्रतिनिधि छात्रों को नौकरी के अनुसार अपेक्षित योग्यता विकसित करना सिखाएंगे। इसके लिए एकेटीयू नोएडा कैंपस में रिकॉर्डिंग की जाएगी। दीपावली के बाद ये वीडियो एकेटीयू के 725 कॉलेजों के छात्रों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
ये भी पढ़ें : पांच गलतियों की वजह से UPSC के टॉपर ने दी पांच बार परीक्षा, कहीं आप तो नहीं दोहरा रहे
गौरतलब है कि अभी तक एकेटीयू से संबद्ध कॉलेजों के छात्रों को संस्थान की वेबसाइट पर विशेषज्ञ शिक्षक पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी देते हैं। अब वीडियो देखकर छात्र नौकरी हासिल करने के गुर सीख सकेंगे। छात्रों को कंपनियों में निकलने वाली विभिन्न जॉब में योग्यता के बदलते पैमानों के बारे में बताया जाएगा। वीडियो की सीरीज में युवाओं को बाजार में बदल रही उत्पादन की मांग की भी जानकारी दी जाएगी। इससे छात्रों को नौकरी पाने और इसके लिए अपनी क्षमताएं विकसित करने में मदद मिलेगी। साथ ही बाजार व उद्योग की मांग के अनुरूप वे सही दिशा में अपना विकास कर सकेंगे।
ये भी पढ़ें : 12वीं में फेल हो चुका शख्स यूं बना IPS, कभी चलाया करता था टैंपो