रजिस्ट्रेशन शुरू करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
आवेदन शुरू करने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।
- वही मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी इस्तेमाल करें जो आपने NEET UG 2026 आवेदन के समय दर्ज की थी।
- आवेदन स्वयं भरें। किसी एजेंट, साइबर कैफे या तीसरे व्यक्ति पर निर्भर न रहें।
- केवल एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in का ही उपयोग करें। किसी भी संदिग्ध लिंक या विज्ञापन पर क्लिक करने से बचें।
हाई सिक्योरिटी पासवर्ड बनाना होगा
रजिस्ट्रेशन के दौरान उम्मीदवार को एक हाई सिक्योरिटी पासवर्ड बनाना होगा। इस पासवर्ड में बड़े अक्षर (Capital Letter), छोटे अक्षर (Small Letter), अंक (Number) और विशेष चिन्ह (Special Character) शामिल होना चाहिए।
इसी पासवर्ड का उपयोग आगे लॉगिन और चॉइस लॉकिंग के समय किया जाएगा। इसके बाद सिक्योरिटी पिन भरकर सबमिट करें। पंजीकृत मोबाइल नंबर या ईमेल पर भेजा गया ओटीपी दर्ज करके अपना सत्यापन पूरा करें।
आवेदन फॉर्म में कौन-कौन सी जानकारी भरनी होगी?
लॉगिन के बाद उम्मीदवार को अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी। इसमें शामिल हैं-
- श्रेणी
- राष्ट्रीयता
- धर्म
- कक्षा 12 का बोर्ड, राज्य, स्कूल का नाम
- पास होने का वर्ष
- रोल नंबर
- विषयवार अंक
ध्यान रखें कि कुछ जानकारियां, जैसे लिंग और राष्ट्रीयता, बाद में बदली नहीं जा सकेंगी।
यदि अभ्यर्थी AFMC (Armed Forces Medical College) के लिए आवेदन करना चाहते हैं या उनके माता-पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं, तो संबंधित विकल्प भी चुनना होगा।
किस काउंसलिंग में भाग लेना चाहते हैं?
उम्मीदवार को यह भी चुनना होगा कि वह किन-किन काउंसलिंग श्रेणियों में शामिल होना चाहता है। उदाहरण के लिए, यदि कोई उम्मीदवार डीम्ड विश्वविद्यालयों की काउंसलिंग में भाग लेना चाहता है, तो संबंधित विकल्प चुन सकता है। हालांकि, चयन करने से पहले संबंधित शुल्क की जानकारी जरूर देख लें।
बैंक खाते की जानकारी भी भरनी होगी
रजिस्ट्रेशन के दौरान बैंक खाते का विवरण भी देना होगा, ताकि भविष्य में यदि किसी शुल्क की वापसी हो, तो राशि उसी खाते में भेजी जा सके।
सत्यापन के लिए कैंसिल चेक, बैंक पासबुक या ऑनलाइन बैंक स्टेटमेंट की पीडीएफ कॉपी भी अपलोड करनी होगी।
इसके बाद आवेदन में भरी गई सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच कर लें। कोई गलती होने पर उसे सुधार लें और फिर ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करें। भुगतान सफल होने के बाद उसकी रसीद डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें।
चॉइस फिलिंग और चॉइस लॉकिंग कैसे करें?
फीस जमा होने के बाद सबसे महत्वपूर्ण चरण चॉइस फिलिंग का होता है।
- उम्मीदवार अपने हाई सिक्योरिटी पासवर्ड और ओटीपी की मदद से उपलब्ध मेडिकल कॉलेजों की सूची देख सकते हैं।
- यहां अपनी पसंद के कॉलेज जोड़ सकते हैं, उनका क्रम बदल सकते हैं या आवश्यकता होने पर किसी विकल्प को हटा भी सकते हैं।
- जब सभी विकल्प तय हो जाएं, तब चॉइस लॉकिंग करनी होगी। इसके लिए फिर से पासवर्ड और ओटीपी दर्ज करना होगा।
- ध्यान रखें कि एक बार चॉइस लॉक होने के बाद उसमें कोई बदलाव नहीं किया जा सकता।
ग्राफिक पर क्लिक कर देखें वीडियो गाइड:
अंत में इन दस्तावेजों को जरूर डाउनलोड करें
पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को निम्नलिखित दस्तावेज डाउनलोड करके सुरक्षित रख लेने चाहिए।
- रजिस्ट्रेशन स्लिप
- फीस भुगतान की रसीद
- लॉक की गई चॉइस की सूची
एक ही बार में पूरा फॉर्म भरना जरूरी नहीं
एमसीसी ने अभ्यर्थियों को यह सुविधा भी दी है कि यदि आवेदन एक बार में पूरा नहीं हो पाता है, तो वे बीच में लॉग आउट कर सकते हैं। बाद में दोबारा लॉग इन करके वहीं से प्रक्रिया आगे बढ़ा सकते हैं, जहां से छोड़ी थी।
रजिस्ट्रेशन और चॉइस लॉकिंग पूरी होने के बाद आगे की सीट आवंटन प्रक्रिया एमसीसी की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आयोजित की जाएगी।