हिमाचल प्रदेश सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से संचालित की जा रही 10वीं और 12वीं कक्षा के अलावा कॉलेजों में स्नातक स्तर की परीक्षाओं को भी 17 मई, 2021 तक स्थगित कर दिया है। कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों को लेकर विद्यार्थियों के हित में यह फैसला किया गया है।
राज्य सरकार की ओर से प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर एक मई को समीक्षा की जाएगी। इस समीक्षा बैठक के बाद राज्य शिक्षा विभाग 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं तथा प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की स्नातक स्तरीय पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं को पर आगामी निर्णय किया जाएगा।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं 13 अप्रैल, 2021 से शुरू हुई थीं, लेकिन दो दिन बाद ही इन्हें स्थगित कर दिया गया है। जबकि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 17 अप्रैल से शुरू होनी थीं। शिक्षा सचिव राजीव शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की दृष्टि से सरकार ने यह फैसला लिया है।