केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक
- फोटो : ANI
समावेशी शिक्षा के लक्ष्यों का पूरा करने के लिए केंद्र सरकार ने मंगलवार को दिव्यांग बच्चों के लिए ई कंटेंट विकसित करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए। शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक, केंद्रीय शिक्षामंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने 'पीएम ई विद्या' पहल के तहत बनाए गए इन दिशा-निर्देशों को मंजूरी दे दी है। अब दिव्यांग बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई में मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
नए दिशा निर्देशों के तहत दिव्यांगों के लिए ई कंटेंट को बोधगम्यता, संचालन योग्य, समझने में आसान और सुदृढ़ आधार के चार सिद्धांतों पर तैयार करना होगा। यह सामग्री आसान, सारगर्भित, विषयवार और विशेष बच्चों की मानसिक अवस्था को ध्यान में रखकर तैयार की जाएगी। इसमें शामिल किए जाने वाले टेक्सट, टेबल, डायग्राम, विजुअल ऑडियो वीडिया, मनमोहक चित्र आदि को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मानक का होना चाहिए।
इसके अलावा जिन प्लेटफार्म पर इस सामग्री को अपलोड किया जाएगा जैसे ‘दीक्षा’ और जिन पर इसे पढ़ा जाए जैसे ‘ई पाठशाला’ दोनों को तकनीकी मानकों पर खरा उतरना चाहिए। सुलभ डिजिटल पाठ्यपुस्तकें तैयार करते वक्त उनकी सामग्री में दिव्यांग बच्चों की सभी जरूरतों का ध्यान रखना होगा। इसके अलावा इस सामग्री को टेक्स्ट ऑडियो, वीडियो और सांकेतिक भाषा के फॉर्मेट में तैयार करना होगा साथ ही अलग अलग फॉर्मेट के लिए ‘ऑन’ और ‘ऑफ’ मोड देना होगा।