आईआईटी दिल्ली समेत तीन भारतीय उच्च शिक्षण संस्थान दुनिया के टॉप 200 संस्थानों की सूची में शामिल हुए हैं। लंदन में देर रात जारी हुई क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग-2022 में आईआईटी बॉम्बे को 177वीं, आईआईटी दिल्ली को 185वीं और आईआईएससी बंगलूरू को 186वीं रैंक मिली है। आईआईटी बॉम्बे ने लगातार चौथी बार टॉप 200 में जगह बनाई है।
आईआईटी दिल्ली दूसरा सबसे बेहतरीन संस्थान
आईआईटी दिल्ली को दूसरे सबसे बेहतरीन संस्थान का खिताब मिला है। पिछले वर्षों के मुकाबले आईआईटी दिल्ली अपने शोध कार्यों की बदौलत रैंकिंग में सुधार कर रही है। पिछले वर्ष इसकी रैंक 193वीं थी।
जेएनयू पहली बार शामिल
जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय को पहली बार इस सूची में आने में कामयाबी मिली है। जेएनयू को 561-570वां स्थान मिला है। जबकि दिल्ली विश्वविद्यालय 501-510 में शामिल है। आईआईटी हैदराबाद को 591-600 के बीच जगह मिली है।
इसके अलावा रैंकिंग में जामिया मिल्लिया इस्लामिया, ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी, जामिया हमदर्द, बीएचयू, एएमयू, पंजाब यूनिवर्सिटी, एमिटी यूनिवर्सिटी, शिक्षा और अनुसंधान,आईआईआईटी इलाहाबाद आदि संस्थानों के नाम शामिल हैं।