फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने वितरित की प्री-स्कूल और स्वास्थ्य किट; बच्चों का भविष्य होगा मजबूत

Tue, 18 Mar 2025 07:36 PM IST
आकाश कुमार एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला

सार

UP: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कुशीनगर में आंगनवाड़ी केंद्रों को प्री-स्कूल व स्वास्थ्य किट वितरित कीं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर दिया।
 
विज्ञापन
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

UP: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को कुशीनगर जिले में छोटे बच्चों के लिए प्री-स्कूल और स्वास्थ्य किट वितरित कीं। यह कार्यक्रम कुशीनगर कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ, जिसका मकसद आंगनवाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाना और शुरुआती शिक्षा को बढ़ावा देना था।

विज्ञापन
Trending Videos

250 आंगनवाड़ी केंद्रों को मिलेगा लाभ

आने वाले दिनों में जिले के 250 आंगनवाड़ी केंद्रों को ये किट दी जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न स्टालों का दौरा किया और आत्मनिर्भरता व कौशल विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "बच्चों को बचपन से ही मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक रूप से मजबूत बनाने की जरूरत है। जैसे फसल उगाने से पहले खेत तैयार किया जाता है, वैसे ही बच्चों की शिक्षा और संस्कारों पर ध्यान देना चाहिए।"

बच्चों का सांस्कृतिक प्रदर्शन और स्वच्छता संदेश

कार्यक्रम में आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों ने स्वच्छता से जुड़े गीत और नाटक प्रस्तुत किए। बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा, "स्वच्छता की आदतें बचपन से ही विकसित होनी चाहिए। जो संदेश बच्चों ने आज दिया है, उसे हर घर तक पहुंचाना जरूरी है।"

महिला सशक्तिकरण पर जोर

राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर निबंध प्रतियोगिता की विजेता छात्राएं जाह्नवी और श्रेया द्विवेदी ने महिलाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। इस मौके पर राज्यपाल ने लैंगिक समानता पर जोर देते हुए कहा, "बेटा हो या बेटी, हर बच्चे को समान अवसर और शिक्षा मिलनी चाहिए। महिला सशक्तिकरण ही एक विकसित भारत की नींव है।"

मुसहर समुदाय और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ वितरण

राज्यपाल ने मुसहर समुदाय के जरूरतमंद परिवारों को आवासीय पट्टा प्रमाण पत्र, 'एक जिला, एक उत्पाद' (ODOP) टूलकिट और आयुष्मान भारत कार्ड वितरित किए। स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा, "9 से 14 साल की हर लड़की को सर्वाइकल कैंसर का टीका जरूर लगवाना चाहिए। कोई भी परिवार जरूरी चिकित्सा सुविधाओं से वंचित न रहे।"

सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सख्त कदम

राज्यपाल ने अधिकारियों को वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य देखभाल सुनिश्चित करने और जरूरी दवाओं की उपलब्धता पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सीमाओं की सुरक्षा कड़ी करने की भी बात कही। साथ ही, दहेज प्रथा, बाल विवाह और नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाने का आह्वान करते हुए कहा, "अगर समाज को आगे बढ़ाना है, तो इन सामाजिक बुराइयों को खत्म करना होगा।"
विज्ञापन

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग हुए शामिल

इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक, जिला अधिकारी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना की और इसे बच्चों और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें