आंध्र प्रदेश बोर्ड ने अभी तक दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को स्थगित नहीं किया है। जबकि, सीबीएसई बोर्ड के बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को स्थगित करने के बाद 14 से ज्यादा राज्यों के बोर्ड ने 12वीं की परीक्षा को रद्द कर दिया था। वहीं, आंध्र प्रदेश अभी भी दसवीं व 12वीं की परीक्षाओं को कराने की तैयारी में जुटा हुआ है। सूबे के शिक्षा मंत्री आदिमुलपु सुरेश का कहना है कि राज्य सरकार छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए दसवीं और इंटरमीडिएट की परीक्षा आयोजित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा रद्द करना अंतिम उपाय है।
उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि परीक्षा रद्द करने का फैसला लेना आसान होता लेकिन छात्रों का भविष्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विपक्ष पर छात्रों और उनके अभिभावकों के मन में डर पैदा करने एवं परीक्षाओं के मुद्दे का बेवजह राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दसवीं व 12वीं कक्षा की परीक्षा कराने की कोशिश कर रही है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षाओं को रद्द करना अंतिम विकल्प है लेकिन उससे पहले अन्य विकल्प देख लिए जाएं। शिक्षा मंत्री ने दसवीं व बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं का आयोजन छात्रों के हित में बताया है।