फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

DUSU Election 2025: एनएसयूआई ने जारी किए दो घोषणापत्र, छात्राओं की सुरक्षा और मासिक धर्म अवकाश पर खास फोकस

Sat, 13 Sep 2025 07:56 AM IST
शिवम गर्ग अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली

सार

DU Election 2025: डूसू चुनाव 2025 में एनएसयूआई ने छात्राओं के लिए अलग घोषणापत्र जारी किया। इसमें सुरक्षा, मासिक धर्म अवकाश, वेंडिंग मशीन और परामर्श केंद्र जैसी सुविधाओं पर जोर दिया गया है।
विज्ञापन
एनएसयूआई मुख्यालय में डूसू 2025 के उम्मीदवार व पदाधिकारी घोषणा पत्र का विमोचन करते हुए। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Delhi University Student Union Election: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव को लेकर शुक्रवार को नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने अलग-अलग दो घोषणा पत्र जारी किए। एनएसयूआई ने इस बार  छात्राओं के लिए अलग से विशेष घोषणापत्र जारी किया है। इसमें सुरक्षा से लेकर मासिक धर्म के लिए अवकाश सहित छात्राओं से जुड़े पांच प्रमुख मुद्दों को शामिल किया गया।

विज्ञापन


वहीं, मुख्य घोषणा पत्र में छात्रों से जुड़े 11 मुद्दे शामिल किए गए। एनएसयूआई का कहना है कि छात्रों के सुझाव से घोषणा पत्र को तैयार किया गया है और इस बार सभी सीटें जीतेंगे। घोषणा पत्र जारी करने के दौरान एनएसयूआई से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार जोसलिन नंदिता चौधरी, उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार राहुल झांसला और संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार लवकुश भड़ाना ने हाथों में संविधान की किताब लेकर डूसू के चारों पदों पर जीत का दम भरा।

हालांकि, इस दौरान सचिव पद के उम्मीदवार कबीर नदारद रहे। वह कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पहुंचे। इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्रवक्ता रागिनी नायक, डूसू अध्यक्ष रौनक खत्री सहित एनएसयूआई के दूसरे पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस मौके पर डूसू अध्यक्ष पद की उम्मीदवार जोसलिन नंदिता चौधरी ने कहा कि बहुत साल बाद अध्यक्ष पद के लिए महिला उम्मीदवार को तरजीह दी गई। यह महिला सशक्तिकरण का प्रमाण है। संगठन ने मुझ पर विश्वास जताया। इस विश्वास को कायम रखने की पूरी कोशिश करूंगी।

विज्ञापन

डीयू में खोलेंगे मोहब्बत की दुकान

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि एनएसयूआई ने कैंपस और छात्र केंद्रित घोषणा पत्र तैयार किया है। महिला घोषणा पत्र से एनएसयूआई की प्राथमिकता के बारे में पता चलता है। एनएसयूआई ने जब छात्र को आगे किया तो डूसू अध्यक्ष रौनक खत्री ने पूरे साल छात्रों के मुद्दों को उठाने का काम किया। पूरी उम्मीद है कि पिछली बार दो सीट मिली थी इस बार चार सीट मिलेंगी। वहीं एनएसयूआई पदाधिकारियों ने कहा कि हम एक बार फिर दिल्ली विश्वविद्यालय में मोहब्बत की दुकान खोलेंगे जहां विविधिता, प्रेम और सभी के प्रति सम्मान हमारी प्राथमिकता बनी रहेगी।

इस बार जीतेंगे चारों सीट

उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार राहुल झांसला ने कहा कि डूसू में पिछले वर्ष दो सीट मिली थी। इस साल चारों सीट जीतेंगे। छात्रों से वादा करते है कि जीतने के बाद किसी भी छात्र को कोई समस्या झेलनी नहीं पड़ेगी। डूसू के दरवाजे हर छात्र के लिए खुले रहेंगे। हम एसी रूम में बैठकर नहीं छात्रों के बीच रहकर काम करेंगे। संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार लवकुश भड़ाना ने कहा कि घोषणा पत्र में हर कॉलेज के साथ एक हॉस्टल होने, बेहतर बुनियादी ढांचे जैसे मुद्दों को शामिल किया गया है।

एनएसयूआई के मुख्य घोषणा पत्र में शामिल मुद्दे

  • शुल्क वृद्धि वापसी: उच्च शिक्षा वित्तीय प्राधिकरण (एचईएफए) को समाप्त किया जाएगा, समान शुल्क संरचना लागू होगी और सस्ती शिक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
  • राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 : शिक्षा के व्यवसायीकरण और निजीकरण का विरोध।
  • समावेशी परिसर और विविधता: नफरत की विचारधारा से मुक्त सुरक्षित और लोकतांत्रिक स्थान।
  • संरचना उन्नयन: स्मार्ट क्लासरूम, स्वच्छ शौचालय,  बेहतर हॉस्टल सुविधाएं।
  • परीक्षा पत्र लीक रोकथाम: निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली।
  • लैंगिक संवेदनशीलता और मानसिक स्वास्थ्य: नियमित कार्यशालाएं और पूरी तरह कार्यरत परामर्श केंद्र।
  • साफ-सुथरा और हरा-भरा परिसर: कचरा प्रबंधन और स्थिरता पहल।
  • छात्रवृत्तियां और परिवहन: अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग (एससी/एसटी/ओबीसी) छात्रों के लिए समय पर छात्रवृत्ति वितरण और किफायती परिवहन सुविधाएं। सभी छात्रों के लिए निशुल्क दिल्ली मेट्रो और दिल्ली बस। कैंपस के लिए मेट्रो स्टेशन से फ्री शटल सेवा।
  • पुस्तकालय, हॉस्टल आरक्षण और हिंसा-रहित परिसर सुनिश्चित किया जाएगा।
  • कैंपस में फ्री वाई-फाई की सुविधा, रेलवे आरक्षण केंद्र, छात्रों के लिए 24×7 लाइब्रेरी की सुविधा।
  • दिव्यांगों के अनुकूल कैंपस, समितियों में दिव्यांग छात्रों को शामिल करने, पांच हजार रुपये का दिव्यांग छात्र को मासिक भत्ता।

महिला घोषणा पत्र में यह मुद्दे किए शामिल

  • मासिक धर्म : सेमेस्टर के हिसाब से 12 दिन का अवकाश और स्वास्थ्य जागरूकता
  • उत्पीड़न के खिलाफ शून्य सहिष्णुता: कानूनी सहायता और 24×7 आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली।
  • सुरक्षित और संरक्षित परिसर: अधिक महिला सुरक्षा कर्मी, उचित स्ट्रीट लाइटिंग, सीसीटीवी (वीडियो निगरानी प्रणाली) कवरेज, महिला-विशेष शौचालय।
  • सशक्तिकरण पहल: कार्यरत आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) और लिंग संवेदनशीलता कार्यशालाएं।
  • बेहतर संरचना: प्रत्येक कॉलेज में सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन, चेंजिंग रूम और चिकित्सा-परामर्श केंद्र।
विज्ञापन

एनएसयूआई की जीत सुनिश्चित करने में जुटी प्रदेश कांग्रेस

डूसू चुनाव में एनएसयूआई के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश कांग्रेस जुट गई है। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि एनएसयूआई ने संतुलित और मजबूत उम्मीदवारों की टीम उतारी है। यह टीम जीत हासिल कर विश्वविद्यालय में छात्रों की सुविधाओं और अधिकारों के लिए काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार डूसू चुनाव में एनएसयूआई पैनल क्लीन स्वीप करेगा।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित बैठक में देवेंद्र यादव के साथ कांग्रेस और एनएसयूआई के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनमें पूर्व सांसद डॉ. उदित राज, एआईसीसी एससी विभाग अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम, एनएसयूआई अध्यक्ष वरुण चौधरी, पूर्व मंत्री डॉ. नरेंद्र नाथ, डॉ. योगानंद शास्त्री, डूसू के पूर्व अध्यक्ष रौनक खत्री, पूर्व विधायक डॉ. बिजेंद्र सिंह, आसिफ मोहम्मद खान, विजय लोचव और महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा सिंह शामिल थे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी बैठक में हिस्सा लिया। नेताओं ने एकजुट होकर एनएसयूआई के चारों उम्मीदवारों को जिताने का संकल्प लिया। देवेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने युवा पीढ़ी की लगातार उपेक्षा की है, लेकिन राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाया है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें