दस जून के बाद दाखिला प्रक्रिया शुरू
पंजीकरण के लिए आवेदकों को किसी शुल्क का भुगतान नहीं करना है। पंजीकरण फॉर्म भरने के लिए छात्रों को करीब दस दिन मिलेंगे। दस जून के बाद दाखिला प्रक्रिया शुरू की जाएगी जो कि अगस्त के अंत तक चलेगी। एसओएल की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया कि एक जून से 19 स्नातक प्रोग्राम में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया की शुरूआत कर रहे हैं।
यह पहली बार है जब एसओएल में दाखिले के लिए छात्रों को पहले पंजीकरण करना है। पंजीकरण फॉर्म के तहत आवेदकों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरनी है। इससे वह एसओएल में पंजीकृत हो जाएंगे जिससे उन्हें प्रोस्पेक्टस मिल जाएगा। अब तक पंजीकरण व दाखिला साथ-साथ ही हो जाता था।
चार चरणों में बंटी है दाखिला प्रक्रिया
प्रो. मागो ने बताया कि इस बार की दाखिला प्रक्रिया चार चरणों में बंटी है। पहले आवेदकों को पंजीकरण करना है जो कि एक से दस जून तक होगा। उसके बाद उन्हें एकेडेमिक बैंक ऑफ क्रेडिट आईडी बनानी है जो कि पांच से दस जून के बीच शुरू की जाएगी। इस आईडी के बनने से छात्र को मिलने वाले क्रेडिट उसमें जुड़ते चले जाएंगे। साथ ही डिस्टेंस एजुकेशन ब्यूरो (डीईबी) की आईडी भी बनेगी।
तीसरा हिस्सा शैक्षणिक होगा, जिसमें उसे यह सुझाव मिलेंगे कि उसके अंकों के आधार पर वह किस-किस कोर्स में दाखिले के योग्य है और चौथा चरण परीक्षा फॉर्म को भरने व दस्तावेजों को अपलोड करने का है। इसमें उनके द्वारा चयनित विषयों के आधार पर परीक्षा फॉर्म भरा जाएगा। यह सब प्रक्रिया पूरी होने के बाद दस जून के बाद से दाखिला प्रक्रिया को शुरू कर दिया जाएगा। इससे पहले उन्हें दस्तावेजों के सत्यापन के लिए तीन दिन मिलेंगे।